
बीकानेर . श्रीडूंगरगढ़ के बिदासर गांव के पास शनिवार रात करीब 2:30 बजे एक अज्ञात ट्रक ने मिनी बस को टक्कर मार दी यह बस बारातियों को लेकर रतनगढ़ की तरफ जा रही थी। बस में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 17,18 जने घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था की एक बार कोहराम मच गया।
दोनों वाहन बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। घायलों को निजी वाहनों से पीबीएम के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचने पर एक और घायल मरीज की मौत हो गई। जबकि 12 जने गंभीर घायल है जिन का उपचार चल रहा है।
एक और हादसा: बारात की बस व ट्रक में भिड़ंत
महाजन. यहां से करीब 36 किमी दूर अरजनसर- गोपालसर सम्पर्क सड़क पर शनिवार को दिन में बारात लेकर जा रही एक बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। जिससे बस में सवार करीब 7-8 सवारियों के हल्की चोट आई। जानकारी के अनुसार रावतसर से बारात लेकर जा रही बस अरजनसर से आगे गोपालसर के पास सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
जिससे बस में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे के कारण एक बार कोहराम मच गया। दोनों वाहन सामने से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बस में सवार अर्जुनसिंहए सुमेर सिंह व दीपसिंह के ज्यादा चोट आई। जिन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में रेफर किया गया है। घटना स्थल राजियासर थाना क्षेत्र का है।
दुर्घटना में घायल व्यक्ति ने दम तोड़ा
महाजन. यहां से करीब 10 किमी दूर रतनीसर-बालादेसर संपर्क सड़क पर 11 अप्रेल को हुए हादसे में घायल व्यक्ति ने शनिवार को उपचार के दौरान पीबीएम अस्पताल में दम तोड़ दिया। महाजन थाने के हैड कांस्टेबल भोलूराम बिश्नोई ने बताया कि 11 अप्रेल की रात को रतनीसर की ओर से मोटरसाइकिल पर अपने गांव बालादेसर जा रहे मक्खन लाल मेघवाल को पीछे से आई पिकअप ने टक्कर मार दी थी।
टक्कर लगने से बाइक सवार मक्खन लाल गम्भीर रूप से घायल हो गया था। जिसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। घायल व्यक्ति कोमा में था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलने पर महाजन थाने से हैड कांस्टेबल भोलूराम बिश्नोई ने पीबीएम पहुंच कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।