Bikaner Housing Scheme : बीकानेर विकास प्राधिकरण की जोड़बीड़ आवासीय योजना के आवंटियों को अब योजना क्षेत्र में विकास कार्य होने की उम्मीद जगी है।
बीकानेर। बीकानेर विकास प्राधिकरण की जोड़बीड़ आवासीय योजना के आवंटियों को अब योजना क्षेत्र में विकास कार्य होने की उम्मीद जगी है। आवंटियों के लंबे संघर्ष और बार-बार धरना प्रदर्शन और ज्ञापन देने के बाद मंगलवार को बीडीए अधिकारियों की टीम योजना क्षेत्र में पहुंची और योजना क्षेत्र की धरातल की स्थिति को जाना। इस दौरान योजना क्षेत्र के आवंटी भी साथ रहे। आवंटियों को अब 18 साल बाद योजना क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। बीडीए सचिव कुलराज मीणा और उपायुक्त कुणाल राहर के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने योजना क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आधारभूत सुविधाओं की कमियां सामने आई। बीडीए अधिकारियों ने यहां की बदहाल स्थिति को देखा। इस दौरान प्लॉट मार्किंग, टूटी सड़कें, कई प्लॉट्स तक एप्रोच रोड नहीं, प्लॉट्स की भूमि पर कहीं रेत तो कही गड्ढे, असमतल जमीन, बी और डी ब्लॉक में प्लॉट्स तक पहुंचने के लिए मार्ग ही नहीं, कॉर्नर प्लॉट माप सहित कई कमियां सामने आई। बीडीए सचिव ने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
जोड़बीड़ विकास समिति से जुड़े सदस्य और आवंटी पिछले काफी समय से योजना क्षेत्र की बदहाल स्थिति और बीडीए की ओर से गौर नहीं करने की बात कह रहे थे। जब बीडीए अधिकारियों ने यहां निरीक्षण किया तो आवंटियों की ओर से बताई जा रही कमियां हकीकत रूप में सामने आई। बीडीए अधिकारियों ने इन कमियों का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान जोड़बीड विकास समिति से जुड़े नरेंद्र सारण, मनोज वासवानी, आशु खत्री, सुभाष टाक, अंकित डूडी आदि उपिस्थत रहे।
जोड़बीड आवासीय योजना में बीडीए की ओर से आधारभूत सुविधाए और विकास कार्य करवाए जाएंगे। योजना क्षेत्र का निरीक्षण कर करवाए जाने वाले कार्यों को सूचीबद्ध कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। डेढ माह में लेवलिंग कार्य, एक माह में माकिंग कार्य, प्लॉट्स तक एप्रोच रोड निर्माण कार्य दो से ढाई माह में करवाए जाएंगे। हर महीने बीडीए अधिकारी व आवंटी संयुक्त रूप से योजना क्षेत्र की विजिट भी करेंगे।
कुलराज मीणा, सचिव, बीकानेर विकास प्राधिकरण