बीकानेर

Bikaner : मंत्री सुमित गोदारा के सामने भिड़े भाजपा विधायक और आरएलपी नेता, ताराचंद सारस्वत के बिगड़े बोले, भड़के लोग

Bikaner Jan Sunwai : श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति भवन में मंत्री सुमित गोदारा की जनसुनवाई के दौरान भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता विवेक माचरा के बीच बहस हो गई।

2 min read
Bikaner BJP MLA RLP Vivek Machra clashed Tarachand Saraswat harsh word angery people
Bikaner Jan Sunwai : बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ के पंचायत समिति भवन में मंत्री सुमित गोदारा, भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत और विवेक माचरा। फोटो पत्रिका

Bikaner Jan Sunwai : श्रीडूंगरगढ़ के पंचायत समिति भवन में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा की जनसुनवाई के दौरान भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता विवेक माचरा के बीच बहस हो गई। विवेक माचरा ने कहा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यहां ट्रोमा सेंटर बनाने का आश्वासन दिया था। अभी तक नहीं बना है। अब 6 लोगों की मौत हो गई है। इस पर भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि जुलाई 2025 को ही आश्वासन दिया गया था। ऐसे में ढाई साल कहां हो गए?

इस पर साथ आए एक किसान ने कहा कि एक साल तो हो गया ना। एमएलए ताराचंद सारस्वत ने कहा कि तीन साल तक डुबोए रखा था, तब मर गए थे क्या? यह सुनकर विवेक माचरा सहित अन्य लोग भड़क गए। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ के पंचायत समिति भवन में विरोध तेज होने पर पुलिस ने विवेक माचरा को पीछे हटा दिया।

मंत्री बोले- जल्द शुरू कर देंगे ट्रोमा सेंटर

मौके पर उपस्थित मंत्री सुमित गोदारा ने मामला संभाला। उन्होंने विवेक माचरा को बातचीत के लिए फिर से बुलाया और कहा- श्रीडूंगरगढ़ में आज हुआ हादसा दुखद है। ट्रोमा सेंटर के लिए प्रयास जारी है। न सिर्फ श्रीडूंगरगढ़, बल्कि लूणकरनसर सहित सभी क्षेत्रों में इस दिशा में काम चल रहा है। जल्द शुरू कर देंगे।

11 जून को चिकित्सा मंत्री भी दे चुके हैं विवादित बयान

इससे पहले, 11 जून को पीबीएम हॉस्पिटल में प्रसूताओं के किडनी फेल होने के मामले में चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री ने भी विवादित बयान सामने आया था। प्रेस से बातचीत के दौरान उन्होंने डॉक्टरों का बचाव करते हुए कहा कि महिलाएं गंभीर हालत में आई थीं, "वे पैदल आई थीं या नाचते हुए आई थीं?" इस संवेदनहीन टिप्पणी पर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंत्री के इस्तीफे की मांग की है, जबकि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे मातृत्व का अपमान बताते हुए तुरंत माफी की मांग की है।

मुकाम धाम दर्शन कर लौट रहा था परिवार, सड़क हादसे में छह की मौत

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में मुकाम धाम दर्शन कर वापस लौट रहे एक ही परिवार के छह लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में तीन वर्ष की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसा सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीजराल होटल के पास हुआ। मृतकों के शव श्रीडूंगरगढ़ के राजकीय अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाए गए हैं। हादसे में हरियाणा के फतेहाबाद के मताना गांव निवासी ओमप्रकाश विश्नोई (60 वर्ष), उनकी पत्नी सोरमा देवी (55 वर्ष), बेटी प्रमीला (35 वर्ष), रोनित पुत्र सुरेन्द्र (11 वर्ष), तनवी पुत्री अमित (10 वर्ष), खुशी पुत्री संदीप सुधार बिश्नोई (6 वर्ष) की मौत हो गई।

Updated on:
16 Jun 2026 08:47 am
Published on:
16 Jun 2026 08:31 am