बीकानेर

बीकानेर : सर्द रात ने ठिठुराया, शीत लहर की चेतावनी

अंचल में अब मौसम ने रंग बदलना शुरू कर दिया है। एक ही दिन में पारा तीन से चार डिग्री नीचे आ गिरा। वहीं, बुधवार रात इस माह में अब तक की सबसे सर्द रात रही। रात को कोहरा छा गया।
2 min read
बीकानेर : सर्द रात ने ठिठुराया, शीत लहर की चेतावनी
बीकानेर : सर्द रात ने ठिठुराया, शीत लहर की चेतावनी

अंचल में अब मौसम ने रंग बदलना शुरू कर दिया है। एक ही दिन में पारा तीन से चार डिग्री नीचे आ गिरा। वहीं, बुधवार रात इस माह में अब तक की सबसे सर्द रात रही। रात को कोहरा छा गया, जो गुरुवार सुबह नौ बजे तक रहा। सड़कों पर कोहरे की चादर बिछी सी नजर आ रही थी। इसके असर से दोपहर तक गलन का अहसास होता रहा। संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू जिलों में तो दो दिन से कोहरे ने डेरा जमा रखा है। मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग में आगामी तीन दिन तक शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है।

बुधवार रात से तेज सर्दी

तेज सर्दी का अहसास बुधवार रात से होने लगा था। मध्य रात्रि से ही अंचल के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों को कोहरे ने अपने आगोश में ले रखा था। कोहरे का असर बीकानेर शहर में गुरुवार को दिन में लगभग नौ-साढ़े नौ बजे तक रहा। वहीं ग्रामीण इलाकों में कई जगह 11-12 बजे तक दिखाई दिया। रात को एवं अल सुबह घने कोहरे के कारण दृष्यता कम हो गई। तीन-चार फीट के आगे तक दिखाई नहीं दे रहा था। सवेरे सूर्योदय के दौरान किरणें धरती तक नहीं पहुंच पा रही थीं। इसके साथ दिन में हल्की शीतल वायु चलने से गलन की िस्थति बनी रही।

दिखने लगे अलाव

दिन खुलने के बाद भी लोग दुकानों के आगे अलाव के आगे बैठे नजर आए। उस वक्त ठिठुरन बनी हुई थी। धूप निकलने के बाद लोग धूप में बैठकर सर्दी से बचाव करते रहे। बीकानेर में बुधवार को तापमान जहां अधिकतम 26.2 डिग्री था, जो गुरुवार को 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम 7.4 डिग्री के मुकाबले 4.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग का मानना है कि 26 दिसंबर तक बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ एवं चूरू में शीत लहर का असर रहेगा। वहीं कोहरा भी छाया रह सकता है।

कोहरे से फसलों को लाभ

कोहरे से फसलों को फायदा मिलेगा। इस बारे में कृषि विभाग के सहायक निदेशक आर.के.मेहरा ने बताया कि अभी जो कोहरा है, उससे फसलों को नमी मिलेगी। इससे इनकी बढ़त होगी। अगर मौसम साफ हो जाए और पारा चार डिग्री से नीचे आ जाए, तो फसलों पर पाला पड़ने की आशंका रहेगी। फिलहाल कोहरा छाया रहा, तो गेहूं, सरसों, चला, ज्वार आदि फसलों को फायदा ही है।

यूं रही सात दिन में घट-बढ़

तिथि अधिकतम न्यूनतम

16 दिसं. 28.4 8.0

17 दिसं. 29.6 8.6

18 दिसं. 29.8 8.2

19 दिसं. 29.0 8.2

20 दिसं. 27.5 8.0

21 दिसं. 26.2 7.4

22 दिसं. 22.2 4.6

Published on:
23 Dec 2022 12:02 am