
बीकानेर . पांचू थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को शराब पिलाकर सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। पीडि़ता के पिता ने पांचू थाने में चार जनों पर बलात्कार का आरोप लगाया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया है। वहीं पीडि़ता और नामजद आरोपी ने गुरुवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें गंभीर हालत में पीबीएम में भर्ती कराया है, जहां दोनों की हालत गंभीर है।
पुलिस ने बताया कि दोनों ही बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। बयान के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस के अनुसार पीडि़ता के पिता ने मामला दर्ज करवाया कि उदासर निवासी आसुराम नायक और उसके तीन अन्य साथी उसकी पुत्री को बहला-फुसला कर ले गए। बाद में रोही में नाबालिग को जबरदस्ती से शराब पिलाई और बलात्कार किया।
दुष्प्रेरित करने के मामले में एक गिरफ्तार
बीकानेर. आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के छह माह पुराने मामले में सदर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सदर पुलिस के अनुसार पूगल रोड सब्जी मंडी के सामने रहने वाले प्रहलाद सैनी को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। आरोपित को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि पांच फरवरी को गुलाब सैनी ने नगर निगम के सामने दुकान में आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मृतक की पत्नी की ओर से सदर पुलिस थाने में प्रहलाद सैनी, सौरव, भवगती, मीना, गोरधन व रवि के खिलाफ परेशान करने तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोप प्रमाणित मानते हुए गुरुवार को प्रहलाद सैनी को गिरफ्तार कर लिया।
तापमान बढ़ा, तपिश व उमस से राहत नहीं
बीकानेर. आमतौर पर सावन के महीने में रुक-रुक बारिश होती रहती है, लेकिन इस बार सावन में केवल चार या पांच दिन ही बारिश हुई है। अभी तक सावन के महीने के दो दिन बाकी है लेकिन बादल आते तो है लेकिन बरसते नहीं।
बीकानेर अंचल में पूरे दिन सूरज की तपिश व उमस से लोग बेहाल रही, वहीं दोपहर के बाद बादलवाही रही। सावन में ज्यादातर दिन बारिश नहीं होने से लोगों को तपिश व उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। दिन में लोगों को तपिश व उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। इससे दो डिग्री तापमान बढ़ गया। वहीं दोपहर बाद बादलों ने शहर की तरफ रुख किया। शाम को हवाओं को गति ज्यादा होने से हवाएं बादलों को शहर से दूर ले गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान ३४.३ डिग्री व न्यूनतम तापमान २६.४ डिग्री सेल्सियस रहा।