bikaner nagar nigam-
बीकानेर. वैश्विक महामारी कोरोना के कारण न केवल आमजन प्रभावित हुआ है, बल्कि सरकारी कार्यालयों में कामकाज और राजस्व वसूली पर भी इसका असर पड़ा है। नगर निगम में प्रतिमाह जन्म-मृत्यु का पंजीयन औसत ढाई हजार के करीब रहता है तो मार्च के बाद से यह संख्या घट गई है।
मई में जहां केवल 357 जन्म मृत्यु के पंजीयन हुए, वहीं 15 जून तक केवल 686 लोगों ने जन्म मृत्यु पंजीयन प्रमाण पत्र प्राप्त किए है। लॉक डाउन में शादी विवाह समारोह के स्थगित होने का असर विवाह पंजीयन पर भी पड़ा है। जनवरी व फरवरी में करीब तीन सौ विवाह पंजीयन के औसत के बाद मार्च में यह घटकर पौने दो सौ रह गया। जबकि अप्रेल में लॉक डाउन के कारण एक भी विवाह पंजीयन नहीं हुआ। मई में महज चार जोड़ो ने विवाह पंजीयन करवाया। 16 जून तक सौ से अधिक जोड़े विवाह पंजीयन करवा चुके है।
निगम के राजस्व वसूली के सबसे बड़े जरिये नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली पर भी कोरोना के कारण असर पड़ा है। निगम जानकारी के अनुसार जनवरी से मार्च 2020 तक निगम को नगरीय विकास कर से 1 करोड 53 लाख 14 हजार 925 रुपए यूडी टैक्स के रूप में राजस्व की प्राप्ति हुई। 282 लोगों ने यूडी टैक्स जमा करवाया। कोरोना के कारण जहां अप्रेल में लॉक डाउन रहा, वहीं मई और 15 जून तक यह वसूली महज 1 लाख 8 हजार 864 रुपए ही रही है। केवल पांच लोगों ने यूडी टैक्स जमा करवाया है। हालांकि निगम में ऑन लाइन यूडी टैक्स जमा करवाने की सुविधा है, लेकिन लोगों ने इसमें रूचि नहीं दिखाई।
जन्म-मृत्यु पंजीयन की स्थिति
माह पंजीयन
जनवरी 2746
फरवरी 2809
मार्च 1811
अप्रेल -
मई 0357
जून ( 15 जून तक) 0686
यू डी टैक्स की वसूली
माह राशि जमा जमा करवाने वाले व्यक्ति
1 जनवरी से 31 मार्च तक - 1 करोड 53 लाख 14 हजार 925 282
1 अप्रेल से 15 जून तक - 1 लाख 8 हजार 864 रुपए 005
विवाह पंजीयन की स्थिति
माह पंजीयन
जनवरी 302
फरवरी 282
मार्च 178
अप्रेल 00
मई 04
जून ( 16 जून तक) 107