
बीकानेर. स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर शौचालय और पेशाब घर बनाने की कवायद निगम ने शुरू कर दी है। इसके लिए निगम ने शहर में पांच दर्जन से भी अधिक एेसे स्थान प्रारम्भिक रूप से सूचीबद्ध किए हैं, जहां शौचालय और पेशाबघर बनाए जा सकते हंै। सूची में शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित पार्क, बाजार, मोहल्ले, मंदिरों के आस-पास तथा सार्वजनिक स्थान है, जहां शौचालय और पेशाबघर बनाए जाने हैं। निगम ने अब इन स्थानों की तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थान होंगे निर्धारित
निगम की स्वच्छ भारत मिशन शाखा के प्रभारी उपेन्द्र मीणा ने बताया कि शौचालय और पेशाबघर के लिए तकनीकी रिपोर्ट के बाद स्थान निर्धारित होंगे। जिन स्थानों पर शौचालय और पेशाबघर बनाने के नाम आए हंै वहां जमीन की कितनी उपलब्धतता है, इसका निर्धारण किया जाएगा। निगम के एसआइ और जमादारों और निर्माण शाखा से छह दर्जन से भी अधिक स्थानों पर शौचालय व पेशाबघर बनाने की सूची मिली है।
खुले स्थानों का उपयोग
शहर की जनसंख्या और क्षेत्रफल की तुलना में बहुत ही कम संख्या में शौचालय और पेशाबघर होने से खुले स्थानों का उपयोग हो रहा है। शहर के व्यस्तम बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, वाहन पार्र्किंग स्थलों सहित कॉलोनियों और मोहल्लों में शौचालय व पेशाबघर की आवश्यकता बनी हुई है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए शौचालय व पेशाबघर की मांग होती रही है।
प्रक्रिया शुरू
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में शौचालय और पेशाबघर बनाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। छह दर्जन से अधिक स्थानों की सूची सामने आई है। तकनीकी रिपोर्ट के बाद ही तय हो पाएगा कि कितने स्थानों पर शौचालय-पेशाबघर बनाए जाएंगे। अंतिम सूची बनते ही टेण्डर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्रदीप के गवांडे,आयुक्त,नगर निगम बीकानेर।