
बीकानेर. कोटगेट थाना पुलिस ने 14 वर्ष से फरार इनामी अपराधी को बुधवार को पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा के निर्देशन में यह कार्रवाई कोटगेट सीआई वेदप्रकाश लखोटिया व उनकी टीम ने की है।
उन्होंने इस कार्रवाई में पंजाब पुलिस और श्रीगंगानगर के सीआई प्रशांत कौशिक का सहयोग लिया। एसआई कन्हैयालाल ने आरोपित के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। इस आधार पर पटियाला के एएसआई जसपाल सिंह की मदद से आरोपित पटियाला के हीरानगर सिविल लाइंस निवासी जोगेन्द्र सिंह पुत्र हरनाम सिंह को गिरफ्तार किया। वहां से कौशिक आरोपित को श्रीगंगानगर लेकर आए। श्रीगंगानगर से कोटगेट थाना प्रभारी वेदप्रकाश लखोटिया गिरफ्तार कर बीकानेर लेकर आए।
यह है मामला
आरोपी जोगेन्द्र के खिलाफ 28 मई, 2004 को इन्द्रा कॉलोनी में रहने वाले चन्द्रप्रकाश शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि पटियाला की कम्पनी डायमण्ड विजन प्राइवेट लिमिटेड ने समाचार पत्रों में विज्ञापन निकालकर कम्प्यूटर जॉब वर्क देने का झांसा देकर बीकानेर के दर्जनों युवाओं से करोड़ों रुपए ऐंठ लिए और यहां से फरार हो गए। 28 अक्टूबर, 2004 को न्यायालय ने आरोपी को भगौड़ा घोषित कर दिया था। 12 जनवरी, 2016 को तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने इस आरोपी पर तीन हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया था।