
बीकानेर . पिछले ग्यारह दिन से चल रही भुजिया श्रमिकों की हड़ताल शुक्रवार को समझौते के बाद टूट गई। शनिवार से भुजिया की भट्टियों पर भुजिया बनाने का काम फिर से शुरू हो जाएगा। भुजिया श्रमिक अपने मेहनताने को बढ़ाने की मांग को लेकर एक मई से हड़ताल पर थे। वे 4 मई से जिला कलक्ट्रेट के आगे धरना दिए हुए थे। भुजिया श्रमिक संगठन के पदाधिकारियों और विक्रेताओं के बीच शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा के कार्यालय में समझौता हुआ। अब भुजिया बनाने वाले कारीगरों को 12 किलो बेसन की भुजिया बनाने पर 146 रुपए का भुगतान दिया जाएगा। इससे पूर्व उन्हें 126 रुपए मिलते थे।
बीकानेर भुजिया श्रमिक संघ के महामंत्री भागीरथ सिंह राजपुरोहित ने बताया कि भुजिया श्रमिकों ने एक मई से ही भुजिया बनाने का कार्य बंद कर दिया था। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुए समझौते को लागू नहीं करने के कारण श्रमिकों को हड़ताल का सहारा लेना पड़ा। राजपुरोहित ने बताया कि शनिवार से भुजिया श्रमिक काम पर लौट जाएंगे। समझौते के दौरान बीकानेर भुजिया-पापड़ मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के घेवर चंद, युधिष्ठिर भाटी, सोनूराज, श्याम तंवर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।