बीकानेर

भाजपा ओबीसी की बैठक बदली हंगामे में, पदाधिकारी हुए आमने-सामने, देखिये वीडियो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) प्रकोष्ठ की मोहता भवन में हुई बैठक हंगामे में बदल गई।
2 min read
• •
Updated: 10 Apr 2018, 8:43 AM IST
BJP OBC meeting
भाजपा ओबीसी की बैठक

बीकानेर . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) प्रकोष्ठ की मोहता भवन में हुई बैठक सोमवार को हंगामे में बदल गई। भाजपा नेता सत्यनारायण स्वामी की अध्यक्षता में यह बैठक मूल ओबीसी की समस्याओं एवं ओबीसी वर्ग की मजबूती के लिए रखी गई थी, लेकिन इसमें बीजेपी (ओबीसी) के वर्तमान अध्यक्ष हुक्माराम की नियुक्ति को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की गई।

इसकी भनक लगने पर वर्तमान अध्यक्ष हुक्माराम एक महिला के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इसे उनके खिलाफ साजिश बताया। बैठक के दौरान बिगड़े माहौल की सूचना मिलने पर कोटगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सत्यनारायण स्वामी ने बताया कि जिलाध्यक्ष सोनी आपराधिक प्रवृत्ति के आठ-दस लोगों को लेकर बैठक में गाली-गलौज करने लगे।

उन्होंने न केवल हुड़दंग मचाया, बल्कि पदाधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। इस माहौल को देखते हुए बैठक को बीच में ही स्थगित करना पड़ा। बैठक में गणेश लाल सोनी, बजरंग सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

अन्य को जिम्मेदारी दे
हंगामे से पूर्व भाजपा नेता टीसी सोनी ओबीसी के वर्तमान अध्यक्ष सोनी के स्थान पर अन्य पदाधिकारी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने की मांग कर रहे थे। उन्होंने मीडिया को दिए बयान में कहा कि वर्तमान अध्यक्ष की आपराधिक छवि के बारे में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष को भी बताया था, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया है।

बैठक के दौरान कुछ पदाधिकारी तो यह तक कहते सुने गए कि अगर इस संबंध में तुरन्त कार्रवाई नहीं होगी, तो वे भाजपा से दूरी बना लेंगे। सोनी ने बताया कि हुक्माराम का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, इसके बावजूद इन्हें ओबीसी प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बना दिया गया। एेसे में समाज की छवि धूमिल हो रही है और पार्टी को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है। सोनी ने हुक्माराम के खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक रिकॉर्ड संबंधी दस्तावेज भी मीडिया के सामने रखे।

आरोप लगाने वालों पर आपराधिक मामले
बैठक के दौरान पहुंचे वर्तमान अध्यक्ष हुक्माराम सोनी व उनके समर्थकों ने कहा कि उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के कुछ व्यक्तियों के साथ उनकी पुरानी रंजिश है। वे कई बार उनके खिलाफ झूठे मुकदमेबाजी भी कर चुके हैं। उन्होंंने कहा कि जो लोग मेरे खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, उनके खिलाफ भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Published on: