बीकानेर

जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तीन गंभीर घायल, बीकानेर रेफर

खूनी संघर्ष की घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर हमलावरों की पड़ताल कर रही
less than 1 minute read
Jul 03, 2024
Feature image
नोखासिंजगुरु में जमीन विवाद को लेकर मारपीट करते हुए।

दो साल की मासूम बच्ची सहित पांच चोटिल, जिला अस्पताल में कराया घायलों का इलाज

नोखा के सिंजगुरु गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए और पांच जनों को चोट आई हैं। सूचना पर नोखा जिला अस्पताल में पहुंची पुलिस ने सभी घायलों का इलाज कराया। इसमें तीन लोग गंभीर रुप से घायल होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया। इस खूनी संघर्ष की घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर हमलावरों की पड़ताल कर रही है। खबर लिखे जाने तक इस मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं कराई गई।

यूं घटित हुआ पूरा घटनाक्रम

बीकासर निवासी शिवलाल पुत्र डूंगरराम मेघवाल ने बताया कि उनका सिंजगुरु में खेत खरीदा हुआ है। बारिश होने के बाद मंगलवार सुबह परिवार के सदस्य खेत में सूड़ करने गए थे। खेत में झाड़-झंखाड़ हटाने के दौरान देवीलाल सहित आठ-दस लोग एकराय होकर आए और गालीगलौच करते हुए उन पर लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें परिवार के आठ सदस्य घायल हो गए। उनको इलाज के लिए नोखा लाया गया, यहां उसके पिता डूंगरराम मेघवाल, माता रेशा देवी और भाई हेतराम को ज्यादा चोट आने से उनको बीकानेर रेफर किया गया है। मारपीट के दौरान बीकासर निवासी शिवलाल पुत्र डूंगरराम मेघवाल, राकेश पुत्र ईश्वरराम, कमला पत्नी चेनाराम मेघवाल, पूजा पुत्री चेनाराम और दो साल की बच्ची चेतना को चोट आई हैं। उनका जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।

Updated on:
03 Jul 2024 12:51 am
Published on:
03 Jul 2024 12:51 am