
हेमेरां. राजस्थान परिवहन निगम सेवा की रोडवेज बस सेवा रामभरोसे चल रही हैं। कंडम व जर्जर पुरानी बसों को रोडवेज द्वारा ग्रामीण रुट पर चलाया जा रहा हैं। इन बसों में यात्रा करने से यात्री कतराता हैं। कालू से बीकानेर जाने वाली रोडवेज बस शनिवार को हादसे की शिकार होते-होते बची । बस के ब्रेक फेल होने पर चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया ।
शनिवार सुबह 11 बजे कालू से बीकानेर जाने वाली रोडवेज की बस कालू से सहजरासर के बीच ब्रेक व स्टेरिंग फेल होने की वजह से सड़क से लहराती हुई एक खेत में करीब 500 फीट आगे जाकर टीले में फंस गई । गनीमत रही कि यह बस उस समय बाजार या किसी भीड़भाड़ वाली जगह या गांव में नही थी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। उस समय बस में करीब 30 सवारी मौजूद थी। खारड़ा युवा विकास संस्थान के अध्यक्ष दामोदर सारस्वत ने बताया कि देर शाम तक बीकानेर से क्रेन मंगवाकर बस को धोरे में से निकालने की मशक्कत जारी रही।
खेत से पिकअप चुराने एवं मारपीट करने का आरोप
सूडसर. खेत में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर पिकअप गाड़ी चुराने एवं मारपीट करने का मामला सेरूणा थाने में दर्ज हुआ है ।
पुलिस के अनुसार रामेश्वरलाल जाट गोपालसर गांव की रोही के खेत में परिवार समेत ढाणी बनाकर रहता है। गत 14 जून को दोपहर डेढ़ बजे श्रवणराम, मूलाराम निवासी धीरेरां एवं तीन अन्य जनों ने पिकअप चोरी करने की नीयत से ढाणी में प्रवेश किया।
उसने ललकारा तो आरोपियों ने उसके व परिवार के साथ मारपीट की। आरोपी ट्रैक्टर लेकर ढाणी में दूसरी बार फिर पिकअप गाड़ी चोरी करने की नीयत से आए। जब पत्नी व पुत्रियां बीचबचाव के लिए आई तो इन लोगों ने मारपीट की । इससे पूर्व चार-पांच दिन पहले भी उक्त जने मेरे खेत में ट्रैक्टर लेकर आए थे ।