बीकानेर

कैंसर मरीज आज लगाएंगे करणी माता को धोक, करेंगे शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

कैंसर मरीज देशनोक में करणी माता के मंदिर में धोक लगाकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करेंगे।
less than 1 minute read
karni mata temple
karni mata temple

बीकानेर. कैंसर मरीज गुरुवार को देशनोक में करणी माता के मंदिर में धोक लगाकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करेंगे। पीबीएम के आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर से यह मरीज गाजे-बाजे के साथ देशनोक के लिए दोपहर करीब ढाई बजे रवाना होंगे। मरीजों के साथ देखरेख के लिए चिकित्सकों का दल और एम्बुलेंस भी होगी। श्रीकृष्ण सेवा संस्थान एवं स्वर्णकार नवयुवक समिति के प्रयास से कैंसर मरीजों के लिए नवरात्र के अवसर पर मां करणी के दर्शन व पूजन का आयोजन किया गया है।

७० मरीज, १४ गाडिय़ों में जाएंगे
संस्थान अध्यक्ष श्यामसुंदर सोनी के मुताबिक अब तक १०० कैंसर मरीजों ने जाने के लिए पंजीकरण कराया है लेकिन इलाज के चलते ७० मरीज ही जा सकेंगे। मरीजों को ले जाने के लिए चार एम्बुलेंस व १० गाडिय़ों की व्यवस्था की गई है।

ले जाएंगे चांदी की ध्वजा
स्वर्णकार नवयुवक समिति के अध्यक्ष संजय कुमार लावट बताते हैं कि कैंसर मरीजों के काफिले में बग्गी, डीजे साउंड सिस्टम व बैंड भी शामिल है। एक गाड़ी में माता की अखण्ड ज्योत होगी। एक किलो चांदी की ध्वजा माता करणी को चढ़ाई जाएगी। मरीजों के काफिले से पहले यह ध्वजा लेकर समिति के पदाधिकारी रवाना होंगे। ध्वजा को एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरपी अग्रवाल व पीबीएम अधीक्षक डॉ. पीके बैरवाल रवाना करेंगे। इससे पूर्व यहां धार्मिक अनुष्ठान में डॉ. सुशील फलोदिया व डॉ. स्वाति फलोदिया पूजन करेंगे।

दिनभर चलेगा भंडारा
देशनोक से एक किलोमीटर पहले दोनों संस्थाओं की ओर से भंडारा लगाया गया। इसमें प्रसादी का वितरण होगा।

Updated on:
18 Oct 2018 02:06 pm
Published on:
18 Oct 2018 02:06 pm