
खाजूवाला. खाजूवाला-रावला रोड पर 6 पीएचएम बस स्टैण्ड के पास एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चालक घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया। खाजूवाला थाने के संतराम ने बताया कि शनिवार देर रात रावला रोड पर 6 पीएचएम बस स्टैण्ड के पास सड़क पर अचानक नीलगाय आने से चालक हरदीप सिंह कार पर संतुलन नहीं रख पाया और कार बेकाबू होकर कई बार पलट कर काफी दूर जा गिरी।
हादसे में कार में सवार हरदीप सिंह अपनी पत्नी राजविंद्र कौर को अनूपगढ़ से 17 केवाईडी पीहर छोडऩे आ रहा था। तब रात 10 बजे अचानक यह हादसा हो गया। इस दौरान रावला की ओर से आ रही राजस्थान रोडवेज अनूपगढ़ डिपो की बस के चालक जगसीर सिंह की नजर कार पर पड़ी तो उन्होंने घायल दंपती को परिचालक हरध्यान सिंह की मदद से बस से खाजूवाला के सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉ. पूनाराम रोझ ने घायलों का इलाज शुरू किया लेकिन गंभीर हालत में घायल महिला राजविंद्र कौर (28) की मौत हो गई। मृतक महिला गर्भवती थी। घायल हरदीप सिंह को बीकानेर रैफर किया गया। उसके हाथ पैर मे चोट आई है।
वाहन की चपेट में आई नीलगाय
खाजूवाला. क्षेत्र में नीलगायों की वजह से आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। शनिवार को एक नीलगाय गाड़ी की चपेट में आ गई। सूचना मिलने पर जीव रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और चिकित्सक से उपचार करवाया। समिति के सदस्य हनीफ नागौरी ने बताया कि रावला सड़क पर एक गाड़ी की टक्कर से नीलगाय के पीछे के दोनों पैर फैक्चर हो गए।
घटना की सूचना क्षेत्रीय वन अधिकारी पंकज लूणीवाल को दी गई। वन विभाग के कार्मिक प्रवीण बिश्नोई सहित वनपाल मौके पर पहुंचे तथा इलाज के लिए डॉक्टर को भी मौके पर बुलाया गया। नीलगाय को प्राथमिक उपचार के बाद खाजूवाला पशु चिकित्सालय लाया गया।