बीकानेर

जेल में मोबाइल से ‘खेल’, बंदी सोशल मीडिया पर फोटो व लाइव स्टेटस कर रहे अपडेट

बीकानेर केन्द्रीय कारागार में बंदी मोबाइल का खुलेआम उपयोग कर रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 6 Jun 2018, 8:34 AM IST
Feature image

बीकानेर. बीकानेर केन्द्रीय कारागार में बंदी मोबाइल का खुलेआम उपयोग कर रहे हैं। मोबाइल पर क्रिकेट मैचों पर सट्टा तक लगाते हैं। हर दिन बंदी सोशल मीडिया पर फोटो व लाइव स्टेटस अपडेट कर रहे हैं। इसका खुलासा जेल प्रशासन के औचक निरीक्षणों के दौरान हुआ है। ३१ मई व एक जून को विशेष तलाशी अभियान में तीन कुख्यात बंदियों के पास से मोबाइल व सिम मिले। इनके खिलाफ बीछवाल थाने में मामला दर्ज कराया गया है। इसस पहले अप्रेल व मई में एक-एक बार हुए औचक निरीक्षण में भी हार्डकोर बंदियों के बैरकों से मोबाइल व सिम मिले थे।

जानकारी के अनुसार ३१ मई और एक जून की रात को कारागार में औचक तलाशी ली गई। कार्यवाहक सुपरिंटेंडेंट बंशीलाल सोनी के नेतृत्व में जेलर विजय सिंह, जेलर सुरेश कुमार सहित आरएसी एवं बॉर्डर होमगार्ड के जवानों ने जेल के विभिन्न बैरकों, वार्डों, हॉल एवं परिसर की तलाशी ली। इस दौरान बैरकों से आधा दर्जन मोबाइल और सिम कार्ड मिले। तलाशी में बंदी भवानी नाथ, सुभाष खीचड़ एवं संजय कुमार के पास से एक-एक मोबाइल, सिम व मोबाइल चार्जर मिला। इस पर जेल प्रहरी बुद्धाराम ने थाने में मामला दर्ज कराया।

पिछले माह मिले थे ४० मोबाइल व सिम
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पिछले माह भी बीकानेर कारागार में तलाशी अभियान के दौरान 40 मोबाइल, चार्जर और सिम कार्ड बरामद हुए थे। इसकी रिपोर्ट जेल मुख्यालय सहित बीछवाल थाने में दर्ज कराई गई थी। छह मई को भी जेल प्रशासन को एक बंदी के बैरक से मोबाइल व चार्जर मिला था, लेकिन जेल अधिकारियों ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की।

बीकानेर जेल देशभर में चर्चितष्

बीकानेर केन्द्रीय कारागार अतिसंवेदनशील होने के बावजूद यहां सुरक्षा बंदोबस्त लचर हैं। साढ़े तीन साल पहले जेल में प्रदेश के कुख्यात अपराधी आनंदपाल सिंह व उसके विरोधी गुट के बीच हुई गैंगवार में तीन बंदियों की मौत हो गई थी। उसके बाद से बीकानेर जेल देशभर में सुर्खियों में आई। इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं। जेल से बंदियों का गवाहों को धमकाने, व्यापारियों-जनप्रतिनिधियों से ठगी और वसूली करने, गिरोह चलाने के साथ क्रिकेट सट्टा करने के मामले सामने आते रहते हैं।

Published on: