
लूणकरनसर. ग्राम सेवा सहकारी समिति राजासर उर्फ करणीसर के २४७ किसानों को ७२ लाख रुपए की राशि के ऋण माफ किए गए है। शनिवार को सेंट्रल कॉ-ओपरेटिव बैंक लूणकरनसर शाखा व ग्राम सेवा सहकारी समिति राजासर उर्फ करणीसर के संयुक्त तत्वावधान में सहकारी फसली ऋणमाफी वितरण शिविर के तहत किसानों को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया।
शिविर में सहायक अधिशासी अधिकारी बालकृष्ण उपाध्याय ने किसानों बैंक की वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। समिति व्यवस्थापक हनुमानराम मूण्ड ने बताया कि जिन किसानों की ऋणमाफी हुई है तथा शेष बकाया जमा करवाने पर ही ऋणमाफी का फायदा मिल पाएगा। इस मौके पर सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सारण, समिति अध्यक्ष रामकरण सिंह सारण, श्योदानराम नायक आदि ने विचार रखे।
बज्जू. राजस्व तहसील बज्जू के गौडू में कृषि ऋण माफी के लिए शिविर का आयोजन हुआ। इसमें ३०५ किसानों को ५८ लाख का कृषि ऋण काफी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर प्रभारी बुधराम बिश्नोई, मैनेजर राधाकिशन बिश्नोई और एक जीएमआर मैनेजर रामकरण बिश्नोर्ई ने ३०५ किसानों को ५७ लाख ९४ हजार के प्रमाण पत्र सहित बांटे। इस दौरान गौडू अध्यक्ष नरसीराम थापन, कोजाराम आदि ने भी राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताया।
ठुकरियासर. तोलियासर गांव में फसली ऋण माफी योजना के तहत शनिवार को सेंट्रल को-ओपरेटिव बैंक एवं तोलियासर ग्राम सेवा सहकारी समिति के संयुक्त तत्वावधान में शिविर लगाया गया। इसमें बैंक के सहायक अधिशासी अधिकारी कुम्भाराम गोदारा ने जैतासर व तोलियासर गांव के १८६ किसानों को फसली ऋण माफी के प्रमाण पत्र दिए। उन्होंने किसानों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। व्यवस्थापक भवानीशंकर ने बताया कि सहकारी समिति के माध्यम से १८६ किसानों को ३१.३४ लाख के ऋण माफ हुए हैं।
जयसिंहदेसर मगरा. जांगलू गांव में सहकारी समिति की ओरसे ऋण माफी शिविर का आयोजन हुआ। इसमें 256 ऋणियों को 40.25 लाख ऋण माफ कर प्रमाण पत्र दिए गए व 229 पौधो का रोपण किया गया। बैंक के अधिशासी अधिकारी मोहनसिंह, नोखा शाखा प्रबंधक ताराचन्द बोथरा, सहकारी समिति अध्यक्ष लालीदेवी धायल, जांगलू सरपंच हेतराम बेनीवाल, जगदीश खीचड़, राजेन्द्र धायल व समिति व्यवस्थापक भंवरलाल बिश्नोई आदि मौजूद थे।