
college
नोखा. नोखा उपखंड क्षेत्र में एकमात्र राजकीय मांगीलाल बागड़ी पीजी कॉलेज संचालित है। करीब ६५ किमी. की परिधि में दूसरा सरकारी कॉलेज नहीं है। ऐसी स्थिति में करीब दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों विद्यार्थी यहां उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आते हैं। इस सरकारी कॉलेज में विद्यार्थियों ने प्रवेश तो ले लिया जाता है,
लेकिन कॉलेज में पर्याप्त व्याख्याता नहीं होने से अध्ययन बाधित होता है। सूत्रों के अनुसार सरकारी कॉलेज में स्वीकृत पदों में से आधे से अधिक व्याख्याताओं के पद लम्बे समय से रिक्त हैं। छात्र नेताओं का कहना है कि सरकार ने जल्द ही रिक्त पदों को नीं भरा तो आंदोलन किया जाएगा।
कॉलेज में ४२ में से २४ पद खाली
कॉलेज सूत्रों के अनुसार इस कॉलेज में सभी संकायों के ४२ पद स्वीकृत है, उसमें २४ पद वर्तमान में रिक्त है। कुछ पद तो ऐसे हैं जो वर्ष १९९६ में कॉलेज शुरू होने के बाद एक बार भी नहीं भरे गए। कुछ पदों पर स्वीकृत होने के बाद एक बार भी नियुक्ति नहीं की गई है।
ये पद हैं रिक्त
कॉलेज में उप प्राचार्य, पुस्तकालयध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा अनुदेशक, हिन्दी व्याख्याता के ४ में से तीन पद, अंग्रेजी व्याख्याता का पद, राजनीतिक व्याख्याता के दो में से एक पद, समाज शास्त्र व्याख्याता के दो में से एक पद, इतिहास व्याख्याता के दो में से एक पद, अर्थशास्त्र का एक पद, रसायन शास्त्र व्याख्याता के दो में से एक पद, प्राणीशास्त्र के दो पद, वनस्पति शास्त्र के दो पद, भौतिक शास्त्र का एक पद,
ईएएफएम व्याख्याता का एक पद, एबीएसटी व्याख्याता का एक पद, व्यवसाय प्रबंध व्याख्याता का एक पद, कंप्यूटर एप्लीकेशन का एक पद, सहायक लेखाधिकारी का एक पद, सहायक कार्यालय अधीक्षक का एक पद, प्रयोगशाला सहायक के चार में से दो पद, लिपिक के तीन में से दो पद, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के चार में से दो पद और प्रयोगशाला परिचारक का एक पद काफी समय से रिक्त है।
१२ पद पांच साल से रिक्त
नोखा की सरकारी कॉलेज में स्वीकृत पदों में से १२ व्याख्याताओं के पद ऐसे हैं, जो करीब पांच साल से रिक्त है। इन पदों पर एक बार भी नियुक्ति नहीं की गई है। वहीं हर साल कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी होती है, उसे देखते हुए कला, वाणिज्य और विज्ञान वर्ग में व्याख्याताओं की पद संख्या को बढ़ाना तो दूर, स्वीकृत पदों पर भी नियुक्ति नहीं की जा रही है।
कॉलेज में २५०० से अधिक विद्यार्थी
नोखा के मांगीलाल बागड़ी कॉलेज में तीनों संकाय में करीब २५०० विद्यार्थी पढऩे आते हैं। यहां करीब दो दर्जन से अधिक गांवों व दूर-दराज की ढाणियों के करीब १५०० से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा ग्रहण करने नोखा चलकर आते है। बागड़ी कॉलेज में, जिस विद्यार्थी को प्रवेश नहीं मिलता है, उसे उच्च शिक्षा लेने के लिए बीकानेर या नागौर जाना पड़ता है।
अब स्वपोषित योजना में कराएंगे पीजी
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष से स्वपोषित योजना के तहत कॉलेज में राजनीतिक विज्ञान, समाज शास्त्र, रसायन विज्ञान, लेखा शास्त्र में पीजी कोर्स भी नॉमीनल चार्ज पर शुरू किए हैं। इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं कॉलेज में विज्ञान वर्ग में एमएससी नहीं होने से लड़कियां पीजी नहीं कर पा रही है।
अवगत करवाया है
कॉलेज में स्वीकृत पदों की एवज में काफी पद रिक्त है, उसके लिए कई कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय व सरकार को अवगत कराया गया है।
प्रो. सरबन सिंह , प्राचार्य राजकीय मांगीलाल बागड़ी पीजी कॉलेज नोखा।
Published on:
08 Jul 2018 10:23 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
