बीकानेर

घाटे से जूझ रहे रोडवेज के सामने अवैध वाहन बन रहे चुनौती

राष्ट्रीय राज मार्गों पर रोडवेज के सामान्तर समय में अवैध वाहन, लोक परिवहन सेवा और निजी बसें दौड़ रही हैं।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2017, 11:05 AM IST
Illegal vehicles
अवैध वाहन

बीकानेर. घाटे से जूझ रहे रोडवेज के सामने अवैध वाहन चुनौती बनते जा रहे हैं। राष्ट्रीय राज मार्गों पर रोडवेज के सामान्तर समय में अवैध वाहन, लोक परिवहन सेवा और निजी बसें दौड़ रही हैं। इससे रोडवेज को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

कई स्थानों पर अघोषित स्टैण्ड भी बन गए हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए रोडवेज प्रबंधन कई बार प्रशासन, परिवहन अधिकारी से गुहार लगा चुका है, लेकिन अवैध वाहन पर लगाम नहीं लग सकी है। अवैध वाहन चलने से रोडवेज को हो रहे घाटे से रोडवेज कर्मचारी संगठन भी
खफा हैं।

संयुक्त संघर्ष मोर्चा के गिरधारी लाल, जाहिद हुसैन सहित श्रमिक नेताओं ने रोष जताते हुए बताया कि प्रशासनिक स्तर पर इस तरह के वाहनों पर शिकंजा कसा जाना चाहिए। गौरतलब है कि कई स्थानों पर अवैध वाहनों के जमावड़े के कारण अघोषित स्टैण्ड बन गए हैं, जहां हर समय अवैध वाहन खड़े रहते हैं। इससे यातायात भी प्रभावित रहता है।

कार्रवाई का इंतजार
अवैध वाहन और निजी बसों से रोडवेज को राजस्व का नुकसान हो रहा है। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए कई बार प्रशासन को लिख चुके हैं। इन पर अंकुश कब लगता है, इसका इंतजार है।
-रवि सोनी, आगार प्रबंधक

सफाई मजदूर अधिकार रैली 10 को
बीकानेर . सफाई के नियमित कार्य में ठेकेदारी प्रथा बंद करने, स्थाई नियुक्तियां सहित कई मांगों को लेकर 10 नवम्बर को सफाई मजदूर अधिकार रैली आयोजित होगी। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश सचिव लीलाधर पंडित के अनुसार यह रैली नई दिल्ली में रामलीला मैदान से संसद तक निकलेगी।

सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की पालना करते हुए समान काम का समान वेतन लागू करने, सीवर लाइन कार्य में हो रही दर्दनाक घटनाएं सहित कई मांगों को रखा जाएगा। पंडित के अनुसार रैली में देशभर से आए सफाई मजदूर कर्मी शामिल होंगे। बीकानेर से भी कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे।

Published on: