
एसपी मेडिकल कॉलेज में वायरस (बीमारी के कारण) के बदलते रूप की जांच अब बीकानेर में की जा सकेगी। एसपी मेडिकल कॉलेज में करीब पौने दो करोड़ की लागत से वायरल डायग्नोस्टिक एंड रिसर्च लैबोरेट्री बनाई जा रही है। यह लैबोरेट्री कॉलेज के पास वाली माइक्रोबाइलॉजी की नई बिल्डिंग के ऊपर बन रही है। यह विंग बनने से मौसम दर सक्रिय होने वाले वायरसों की जांच कर उपचार में बेहतर काम किया जा सकेगा।
जल्दी मिल सकेगी जांच रिपोर्ट
एसपी मेडिकल कॉलेज में विभिन्न बीमारियों के वायरसों के एंटीजन के बारे में पता करने के लिए सैम्पल पूना भेजे जा रहे हैं। वहां पर देशभर से सैम्पल आते हैं, जिससे जांच में समय लगता है। अब यह लैबोरेट्री यहां शुरू होने से काम में तेजी आएगी। सैम्पलों की जांच कर 20 से 25 दिन में रिपोर्ट तैयार की जा सकेगी।
भवन निर्माण व उपकरण के लिए बजट
डायग्नोस्टिक विंग के लिए पौन दो करोड़ रुपए सरकार की ओर से कॉलेज प्रशासन को मिल चुके हैं। इसमें से 50 लाख भवन निर्माण पर खर्च होंगे। 90 लाख रुपए पीसीआर, फलोरेसंट माइक्रोस्कोपी एवं एलाइजा मशीन की खरीद की गई है। 30 लाख रुपए सैम्पलों की जांच में काम आने वाले कैमिकल्स एवं किट के लिए मिले हैं।
इन्हें सौंपी जिम्मेदारी
वायरल डायग्नोस्टिक एंड रिसर्च लैबोरेट्री के लिए कॉलेज प्रशासन ने जिम्मेदारियां तय कर दी है। विंग की प्रभारी माइक्रोबायलॉजी की प्रोफेसर डॉ. अंजली गुप्ता को बनाया गया है। विंग के लिए दो साइंटिस्ट डॉ. ओमप्रकाश यादव, डॉ. प्रियंका राठौउ़, असिस्टेंट अशोक कुमार एवं दा लैबटेक्निशियन मुबारक एवं रानी को लगाया गया है। वहीं डॉ. गीता टिन्ना व उनकी टीम सहायक कोर्डिनेटर के तौर पर काम करेंगी।
इन वायरस पर होगी रिसर्च
डॉ. अंजली के मुताबिक चिकुनगुनिया, हैपेटाइटिस, स्वाइन फ्लू, डेंगू, डायरिया (रोटा वायरस), रूबेला वायरस, सीएमवी वायरस, जीका वायरस, चिकनपॉक्स के वायरस पर रिसर्च कर उनके प्रभाव को पता लगाया जा सकेगा। अभी मेडिकल कॉलेज में इन सभी वायरस की जांच रेपिट टेस्ट से की जा रही है। विंग शुरू होने के बाद इनका एंटीजन देख सकेंगे। इससे यह पता लग जाएगा कि वायरस का प्रभाव कितना है। वायरस के लिए पहले वाली वैक्सीन काम नहीं कर रही है तो नई वैक्सीन बनाने के लिए रिपोर्ट तैयार की जा सकेगी।
मजबूत होगी विंग
वायरस रिसर्च के लिए अलग से विंग बन रही है। अब तब वायरस की जांच के लिए सैम्पलों को पूना भेजा जाता था, जिनके परिणा देरी से मिलते थे। अब यह सुविधा बीकानेर में ही मिलने लगेगी। साथ ही कॉलेज में रिसर्च विंग मजबूत होगी।
डॉ. आरपी अग्रवाल, प्राचार्य एसपी मेडिकल कॉलेज