
बीकानेर . देशभर में रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई को लेकर केन्द्र सरकार की ओर से सर्वे कराया जा रहा है। इस कड़ी में सोमवार को दिल्ली से एक विशेष दल बीकानेर पहुंचा। दल ने बीकानेर रेलवे स्टेशन पर दिनभर सफाई का जायजा लिया और लोगों से भी फीडबैक लिया। सर्वे के दो-तीन माह बाद रैंकिंग की रिपोर्ट आएगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल प्रशासन को बीकानेर रेलवे स्टेशन के सर्वश्रेष्ठ दस स्टेशनों में शुमार होने की उम्मीद है। बीकानेर के अलावा मंडल के अन्य स्टेशनों का भी सर्वे कराया जाना प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान रेलवे की इंजीनियरिंग शाखा, यांत्रिकी शाखा के अधिकारी व स्टेशन अधीक्षक मौजूद रहे।
हर जगह का जायजा
सर्वे दल ने अलग-अलग ग्रुप में स्टेशन के सभी छह प्लेटफार्म का बारिकी से निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेटफार्म पर अत्याधुनिक मशीन से चल रही साफ-सफाई को देखा। मुसाफिर खाने में शौचालयों, वेटिंग हॉल में यात्रियों के बैठने के स्थान, स्नानघर व प्लेटफार्म का जाजया लिया। उन्होंने छह नम्बर प्लेटफार्म के बाहर पार्किंग स्थल व आसपास के खुले परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों से फीडबैक भी लिया गया।
बीस मीटर पर पात्र
स्टेशन पर साफ-सफाई बेहतर थी। प्लेटफार्मों पर 15 से 20 मीटर के दायरे में कचरा पात्र रखे गए हैं। प्लास्टिक कचरा पात्रों के साथ ही स्टील के विशेष कचरा पात्र भी हैं। मशीन से दिनभर सफाई कार्य चलता है।
पहले से ध्यान
&साफ-सफाई के प्रति लोगों में भी जागरूकता जरूरी है। सर्वे दल आया है, उन्होंने स्टेशन पर सफाई का जायजा लिया है। उम्मीद है कि इस बार बीकानेर टॉप टेन (श्रेष्ठ दस) में शुमार होगा। यहां पर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान पहले से ही दिया जा रहा है।
एके दुबे, मंडल रेल प्रबंधक, बीकानेर