
नोखा. कस्बे के उगमपुरा क्षेत्र में बुधवार को करंट की चपेट में आने से एक ढाई साल के मासूम बालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार उगमपुरा की गली नंबर चार में रहने वाले महेश सारस्वत का ढाई साल का पुत्र रणवीर घर में खेल रहा था। गर्मी से बचाव के लिए घर में प्लास्टिक का कूलर लगाया था। मासूम बालक खेलते हुए कूलर के स्विच बोर्ड के पास चला गया और अज्ञानतावश उससे खेलने लगा। उसने खेलते हुए कूलर के स्विच बोर्ड को हाथों से खींचा तो करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह बेहोश हो गया। उसे अचेत देखकर घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन उसे लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। महेश कुमार के एक पांच साल की बेटी है। वह गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है।
दादा और पिता गए थे मजदूरी करने
मासूम के दादा बाबूलाल सारस्वत ने बताया कि उनका पौत्र रणवीर रोजाना की तरह जल्दी उठ गया था। उसकी मां ने उसे नहलाने के बाद घर के आंगन में खेलने को छोड़ दिया। वह घर के आंगन में अठखेलियां कर खेल रहा था। अचानक उसके करंट की चपेट में आने से घर का माहौल गम में तब्दील हो गया।
सुरक्षा के लिए कूलर में लगाई थी जालियां
पिता महेश ने बताया कि मासूम बेटे की सुरक्षा के लिए घर में प्लास्टिक के कूलर के आगे अलग से जालियां लगाई हुई थी, ताकि कूलर की ताडिय़ों में हाथ ना डाल सके, लेकिन होनी को कौन टाल सकता है, मासूम रणवीर खेलता हुआ कूलर के पास पहुंच गया और स्विच बोर्ड को हाथ से खींचने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। इस हादसे के बाद मोहल्ले में गमगीन माहौल बना है।