
बीकानेर. नगर निगम में नवनियुक्त सफाई कर्मचारियों को अपने पहले वेतन के भुगतान की उम्मीद जगी है। निगम ने कर्मचारियों के तीन माह के वेतन विपत्र तैयार कर लिए हैं। संभावना है कि गुरुवार को वेतन बिल कोषालय में पहुंच जाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि दीपावली से पहले नवनियुक्त सफाई कर्मचारियों को वेतन का भुगतान हो जाएगा।
निगम में नियुक्त हुए ३९५ सफाई कर्मचारियों में से करीब ३५५ कर्मचारियों के वेतन विपत्रों को कोषालय भेजने के लिए तैयार किए गए हैं। मासिक उपस्थिति, बैंक अकाउन्ट आदि कारणों से शेष रहे कर्मचारियों के वेतन बिल तैयार किए जा रहे हैं। इनकों भी शीघ्र कोषालय भेजा जाएगा। निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे के अनुसार इन कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन भुगतान के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
कर्मचारियों में खुशी
सफाई कर्मचारियों ने तीन माह के एक साथ तैयार हुए वेतन बिल पर प्रसन्नता जताई है। कर्मचारियों के अनुसार वेतन भुगतान में देरी हुई है। दीपावली से पहले अगर कर्मचारियों के खातों में राशि पहुंच जाए तो त्योहार की खुशियां बढ़ जाएंगी।