
बीकानेर. सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए जिले के तीन स्थानीय निकायों में मिले आवेदनों की कम्प्यूटर से लॉटरी बुधवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में निकाली गई। बीकानेर नगर निगम और देशनोक व श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिकाओं में ४३५ पदों के लिए निकाली गई लॉटरी के परिणाम न्यायालय के आदेशानुसार सीलबंद कर ताले में रख दिए गए। लॉटरी जिला कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता की मौजूदगी में निकाली गई। लॉटरी प्रक्रिया सुबह ११ बजे शुरू होनी थी, लेकिन शुरुआत ११:३० बजे हुई। लॉटरी प्रक्रिया करीब दो घण्टे तक चली।
पहले निगम, फिर देशनोक और बाद में श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका में मिले आवेदनों की लॉटरी निकाली गई। निगम महापौर नारायण चौपड़ा, देशनोक नगर पालिका अध्यक्ष कानाराम घुघरवाल, श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष प्रियंका सारस्वत तथा लॉटरी समिति सदस्य मंगलाराम ने सीड नम्बर निकालकर लॉटरी प्रक्रिया की शुरुआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में पुरुष व महिला अभ्यर्थी पहुंचे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
लॉटरी स्थल पर शीतल जल, टेन्ट, एलईडी, चल शौचालय आदि की व्यवस्था की गई। पुख्ता पुलिस बंदोबस्त रहा। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पवन मीणा, कई थानाधिकारी, पुलिस के जवान और महिला कांस्टेबल, निगम आयुक्त प्रदीप के गावंडे, स्थानीय निकाय उपनिदेशक ताज मोहम्मद राठौड़, देशनोक और श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजेश सोनी और अल्ताफ बानो सहित निगम अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
नजर नहीं आए पार्षद
लॉटरी निकालने के दौरान पार्षद नजर नहीं आए। मनोनीत पार्षद उम्मेद सिंह राजपुरोहित इस दौरान उपस्थित रहे। उप महापौर अशोक आचार्य व स्वच्छता समिति अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार शर्मा सहित कई पार्षदों ने बताया कि उन्हें निमंत्रण नहीं मिला।
कम रहा उत्साह
नौकरी के लिए लॉटरी निकलने के बावजूद अभ्यर्थियों में उत्साह कम नजर आया। लॉटरी के परिणाम जारी नहीं होने की सूचना के बाद अभ्यर्थी वहां पहुंचे तो थे, लेकिन नगर निगम की लॉटरी निकलते वे रवाना हो गए। नगर निगम में भर्ती के लिए भूतपूर्व सैनिकों और उत्कृष्ट खिलाडि़यों के लिए पद आरक्षित थे, लेकिन एक भी आवेदक पात्र नहीं मिला।
यहां इतने पद
कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता ने बताया सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए नगर निगम में ३९५ तथा देशनोक और श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिकाओं में २०-२० पदों के लिए लॉटरी निकाली गई।