बीकानेर

स्वच्छता अभियान में भी नहीं हुई नालों की सफाई

स्वच्छता अभियान के बावजूद निगम प्रशासन शहर में जगह-जगह कचरे, गंदगी व पॉलिथीन से अटे नालों की सुध नहीं ले रहा है।
2 min read
• •
Updated: 25 Sep 2017, 12:25 PM IST
Cleanliness campaign

स्वच्छता अभियान के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर आती नजर नहीं आ रही है। मुख्य सड़कों सहित बाजारों, कॉलोनियों इत्यादि में जगह-जगह कचरा, गंदगी नजर आ रही है। सड़कों पर झाडू लगाने व सड़कों की सफाई करने तक अभियान नजर आ रहा है। अभियान के बावजूद निगम प्रशासन शहर में जगह-जगह कचरे, गंदगी व पॉलिथीन से अटे नालों की सुध नहीं ले रहा है।

नालों के आस पास रहने वाले लोग नालों की गंदगी व बदबू से परेशान हैं। हालांकि निगम अधिकारी अभियान के तहत सड़कों की सफाई, कचरा उठाने से लेकर नालों की सफाई करने तक की बात कह रहे हैं मगर वास्तविकता इससे कही उलट है। अभियान के बावजूद शहर के नाले उचित सफाई से दूर नजर आ रहे हैं।

बदहाल है स्थिति
निगम क्षेत्र में कई स्थानों पर नाले बदहाल स्थिति में है। सेटेलाइट अस्पताल के पास, डाक बंगले के पीछे, नगर निगम के पीछे, पुरानी गिन्नाणी रामदेव मंदिर के पास, नगर निगम रोड पेट्रोल पम्प के पास, पुरानी गिन्नाणी में विभिन्न स्थानों पर, हरोलाई से श्रीरामसर रोड सहित कई स्थानों पर नालों की दीवारें क्षतिग्रस्त हैं व गंदगी तथा कचरे से अटे पड़े हैं। जिनकी निगम प्रशासन सुध नहीं ले रहा है जबकि निगम अधिकारी नालों की सफाई होने की बात कह रहे है।

क्षतिग्रस्त दीवारें, जगह-जगह जाम
शहर में विभिन्न स्थानों पर बने नाले बदहाल स्थिति में हैं। कई नालों की दीवारें क्षतिग्रस्त हैं वहीं कई नाले कचरे, गंदगी के कारण जाम सी स्थिति में है। हालांकि निगम अधिकारी नालों के साफ होने के दावे कर रहे हैं मगर इन नालों के आस पास रहने वाले लोगों का कहना है कि सफाई नहीं होने से नाले गंदगी से अटे पड़े हैं।

सफाई चौपट
स्वच्छता अभियान के बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था चौपट है। जगह-जगह कचरा व गंदगी पडी है। नालों की सफाई नहीं हो रही है। शौचालयों पर ताले लगे हैं। स्वच्छता अभियान सिमटा नजर आ रहा है। अधिकारियों के साथ महापौर भी शहर की सफाई को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं जबकि दशहरा, मोहर्रम और दीपावली नजदीक है।
जावेद पडि़हार, नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम।

हो रही सफाई
सड़कों व नालों की सफाई का कार्य एक सतत प्रक्रिया है। अभियान के दौरान विशेष रूप से सफाई कार्य चल रहे है व कचरे को हटाया जा रहा है। जो नाले कवर्ड है, जहां मशीनें नहीं पहुंच पाती है वहां नालों की सफाई में दिक्कत है। नाले जाम नहीं है। पॉलिथीन व अन्य कचरा है जो पानी में रूकावट पैदा नहीं कर रहा है।
मक्खन लाल आचार्य, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम।

Published on: