बीकानेर

करोड़ों के लेनदेन मामले में अब आयकर विभाग ने शुरू की जांच

फर्जी बैंक खाते खोलकर उसमें करोड़ों रुपए का लेन-देन करने के आरोपों की जांच आयकर विभाग ने शुरू कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2017, 8:39 AM IST
Feature image

बीकानेर . पल्लेदारों के नाम फर्जी बैंक खाते खोलकर उसमें करोड़ों रुपए का लेन-देन करने के आरोपों से घिरे देहात भाजपा अध्यक्ष सहीराम दुसाद प्रकरण की जांच आयकर विभाग ने शुरू कर दी है। सोमवार को विभाग की अन्वेषण शाखा के अधिकारियों ने यहां तीर्थ स्तंभ स्थित केनरा बैंक से संबंधित पीडि़त पल्लेदारों के बैंक खातों का हिसाब जुटा लिया।

हिसाब देख एकबारगी आयकर विभाग के अधिकारी भी चकित रह गए। खातों में करोड़ों रुपए का लेन-देन हुआ है। सूत्रों की मानें तो आयकर विभाग को पल्लेदारों के बैंक खातों से अहम सुराग हाथ लगे हैं। अधिकारी अब इसके आगे की पड़ताल कड़ी से कड़ी जोड़कर करेंगे।

ज्ञात हो कि अनाज मण्डी के 14 पल्लेदारों ने जिला पुलिस अधीक्षक और आयकर विभाग को सौंपे शिकायती-पत्र में अपने नाम फर्जी बैंक खाते खोलने का आरोप देहात भाजपा अध्यक्ष सहीराम दुसाद और उनके पुत्र पर लगाया था। इसका खुलासा 'राजस्थान पत्रिका' ने 'पल्लेदारों के फर्जी खाते खुलवा जमा करवाए साढ़े पांच करोड़' शीर्षक से खबर प्रकाशित कर फर्जीवाड़े का खुलासा किया था।

सुर्खियों में रहे पल्लेदार के नाम
अनाज मण्डी में सोमवार को पीडि़त पल्लेदारों के नहीं आने पर चर्चाओं का दौर दिनभर चला। बताया जाता है कि पल्लेदारों पर दबाव बनाकर उन्हें गुमराह करने के प्रयास भी तेज हो गए हैं। आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो संबंधित पल्लेदारों को आयकर विभाग का नोटिस भी मिल सकता है,

जिसमें उनसे बैंक डायरियों में हुए लेन-देन का हिसाब पूछा जा सकता है। अनाज मण्डी सूत्रों के अनुसार कुछ पल्लेदार तो एेसे भी हैं, जिनकी जमीन तक नहीं है। इसके बावजूद उनके द्वारा लाखों रुपए की जिंसों का विक्रय करना बताया गया है।

कार्यकाल से हो जांच
देहात अध्यक्ष द्वारा फर्जीवाड़ा करने से जुड़े आरोपों के बाद भाजपा में दुसाद का विरोध करने वालों का सिलसिला थम नहीं रहा है। लूणकरनसर के भाजपा नेता सुमित गोदारा ने बताया कि देहात अध्यक्ष के प्रकरण की जांच उनके मण्डी समिति अध्यक्ष पद से होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पायलट भी बोले
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने अनाज मण्डी के पल्लेदारों के आधार कार्ड का दुरुपयोग कर उनमें करोड़ों रुपए के लेन-देन को गंभीर माना है। उन्होंने इस प्रकरण को न केवल आधार कार्ड के गलत इस्तेमाल को उजागर करने वाला बताया,

बल्कि भाजपा शासन में हो रहे भ्रष्टाचार एवं घोटालों की पोल खोलने वाला बताया। उन्होंने अपने बयान को सोशल मीडिया अकाउंट पर भी डाला है। पायलट ने बताया कि बीजेपी के कार्यकाल में होने वाले घोटालों को कांग्रेस जिला स्तर पर उठाएगी।

Published on: