बीकानेर

बीकानेर: भारत-पाक सीमा पर डेनमार्क का नागरिक पकड़ा, 7 महीने पहले वीजा पर आया था भारत

Bikaner India-Pakistan Border: भारत-पाक सीमा के पास खाजूवाला में शनिवार शाम एक विदेशी युवक को पकड़ा गया। जिसकी पहचान डेनमार्क के नागरिक के रूप में हुई है। यह युवक सात महीने पहले वैलिड वीजा पर भारत आया था।
2 min read
Apr 05, 2026
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Khajuwala News: भारत-पाक सीमा के पास खाजूवाला में शनिवार शाम एक विदेशी युवक को पकड़ा गया। जिसकी पहचान डेनमार्क के नागरिक के रूप में हुई है। यह युवक सात महीने पहले वैलिड वीजा पर भारत आया था। शुरुआती पूछताछ के दौरान उसने केवल कुछ ही सवालों के जवाब दिए और बाद में चुप हो गया। लेकिन पुलिस थाने पहुंचते ही वह रोने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर भेज दिया गया है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह प्रतिबंधित बॉर्डर इलाके तक कैसे और क्यों पहुंचा।

खाजूवाला थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत के अनुसार हॉस्पिटल रोड पर बाजार में एक विदेशी युवक को संदिग्ध हालातों में घूमते हुए देखा गया। चूंकि बॉर्डर से सटे इस इलाके में आमतौर पर विदेशी नागरिकों का आना-जाना नहीं होता। इसलिए स्थानीय लोगों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही एएसआई किशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।

सामान की हुई बारीकी से जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ बीएसएफ और दूसरे सुरक्षा एजेंसियों को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया। सभी एजेंसियों ने मिलकर विदेशी युवक से कड़ी पूछताछ की और उसके सामान की पूरी तलाशी ली। हालांकि, गहन जांच के बाद भी उसके पास से कोई संदिग्ध या सामान बरामद नहीं हुआ है।

पूछताछ में खुद को डेनमार्क का बताया

प्राथमिक पूछताछ में युवक ने खुद को डेनमार्क का निवासी बताया। वह सितंबर में एक साल के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। शुरुआत में उसने कुछ अंग्रेजी में जवाब दिए लेकिन बाद में चुप हो गया और थाने में रोने लगा।

सीमावर्ती क्षेत्र में विदेशी प्रवेश पर पाबंदी

गौरतलब है कि खाजूवाला क्षेत्र पाकिस्तान सीमा के नजदीक है। ऐसे में यहां विदेशी नागरिकों के आने के लिए विशेष अनुमति जरूरी होती है। माना जा रहा है कि जानकारी के अभाव में युवक इस क्षेत्र में पहुंच गया। उसके पास वैध पासपोर्ट और एक साल का वीजा मिला है। लेकिन सीमावर्ती क्षेत्र में आने की अनुमति नहीं थी।

Updated on:
05 Apr 2026 04:42 pm
Published on:
05 Apr 2026 04:41 pm