
राजमार्गों पर वाहन चालकों को सुगम सफर और पारदर्शी टोल भुगतान की सुविधा देने वाली फास्टैग व्यवस्था ही परेशानी का सबब बन रही है। कहीं बिना शुल्क गुजरने की अनुमति के बावजूद खाते से राशि काटी जा रही है तो कहीं वार्षिक फास्टैग पास होने के बावजूद दोगुना टोल वसूला जा रहा है। टोल कर्मचारियों की मनमानी और तकनीकी खामियों का खमियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। जिले के पारवा, सालासर, लखासर और खारा टोल प्लाजा पर सामने आई शिकायतों ने टोल प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अनुमति लेकर निकले, पीछे से कट गई राशि
केस एक :
पारवा टोल प्लाजा : बीकानेर-नोखा मार्ग पर पारवा टोल प्लाजा से सप्ताहभर पहले एक लग्जरी कार गुजरी। वाहन को बिना टोल शुल्क गुजरने की अनुमति थी। इसके बावजूद खाते से टोल राशि काट ली गई। वाहन चालक को मोबाइल पर संदेश मिलने के बाद राशि कटने का पता चला। ऐसे में सवाल उठता है कि जब वाहन को शुल्क से छूट प्राप्त थी तो राशि कैसे काटी गई?
वार्षिक पास भी बेअसर, चुकाना पड़ा दोगुना टोल
केस दो :
खारा टोल प्लाजा : एक कार पर वार्षिक फास्टैग पास होने के बावजूद टोल प्लाजा की मशीन उसे पढ़ नहीं सकी। वाहन चालक ने कर्मचारियों को वार्षिक पास होने की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। आखिरकार चालक को एक तरफ का दोगुना टोल चुकाना पड़ा। इस दौरान कर्मचारियों और वाहन चालक के बीच बहस हुई। टोल पर वाहनों की कतार लग गई और अन्य यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
सालासर और लखासर में भी शिकायतें
बीकानेर-कोलायत मार्ग पर सालासर और श्रीडूंगरगढ़ मार्ग पर लखासर टोल प्लाजा पर भी भुगतान प्रक्रिया में गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे मामलों में तकनीकी खामी है या कर्मचारियों के स्तर पर लापरवाही, इसकी जांच जरूरी है। गौरतलब है, फास्टैग व्यवस्था लागू करने का उद्देश्य टोल प्लाजा पर वाहनों का ठहराव कम करना और भुगतान में पारदर्शिता लाना है। इसके उलट भुगतान संबंधी विवादों में वाहन चालकों का समय और पैसा दोनों जाया हो रहे हैं। गलत तरीके से काटी गई राशि वापस दिलाने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था की जरूरत है।