
Bikaner Train Murder Case (photo-rail info)
बीकानेर। चलती ट्रेन में सेना के जवान जिगर कुमार की चाकू मारकर हत्या के मामले में आरोपी जुबेर मेमन को एक बार फिर अदालत से राहत नहीं मिली है। अपर सेशन न्यायाधीश मधु हिसारिया ने आरोपी की दूसरी जमानत याचिका भी खारिज कर दी। अदालत ने अपराध की गंभीरता, मामले की परिस्थितियों और अभियोजन पक्ष के महत्वपूर्ण गवाहों के बयान अभी बाकी होने को जमानत नहीं देने का आधार माना। इस फैसले के बाद आरोपी को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।
यह मामला नवंबर 2025 में चलती ट्रेन में हुई उस वारदात से जुड़ा है, जिसने रेलवे और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। सेना का जवान जिगर कुमार छुट्टियां बिताने के लिए अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन में विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी।
प्रकरण के अनुसार, 3 नवंबर 2025 को देवकिशन पुत्र मघराज सारण ने जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 2 और 3 नवंबर की रात उनकी ड्यूटी ट्रेन संख्या 19224 में बठिंडा से बीकानेर तक थी। लूणकरनसर से ट्रेन रवाना होने के बाद पेंट्रीकार मैनेजर शिवकुमार ने एस-2 कोच में यात्री और अटेंडेंट के बीच झगड़ा होने की सूचना दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो एक यात्री लहूलुहान हालत में मिला। ट्रेन बीकानेर पहुंची तो घायल यात्री को चिकित्सकीय सहायता के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सेना के जवान जिगर कुमार के रूप में हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन में विवाद के दौरान जवान पर चाकू से हमला किया गया था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत जांच पूरी कर आरोप पत्र पेश किया।
आरोपी जुबेर मेमन की ओर से अधिवक्ता रविकांत वर्मा ने जमानत के पक्ष में दलीलें पेश कीं। बचाव पक्ष ने कहा कि आरोपी 3 नवंबर 2025 से जेल में बंद है। मृतक के साथ उसकी कोई पुरानी रंजिश नहीं थी और दोनों अलग-अलग कोच में थे। यह भी दलील दी गई कि आरोपी के हाथ में चाकू नहीं था। इसके अलावा आरोपी की बीमारी का हवाला देते हुए बताया गया कि उसके पेट में गांठ है और वह मधुमेह से भी पीड़ित है। परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य होने के आधार पर भी जमानत देने की मांग की गई।
अपर लोक अभियोजक शिवशंकर स्वामी और परिवादी की ओर से अधिवक्ता केशव व्यास ने जमानत याचिका का विरोध किया। अभियोजन पक्ष ने मामले की गंभीरता और जांच से जुड़े तथ्यों को देखते हुए आरोपी को जमानत नहीं देने की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष के 14 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं, लेकिन अनुसंधान अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण गवाहों की गवाही अभी बाकी है।
न्यायालय ने माना कि मामले की परिस्थितियों में ऐसा कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं हुआ है, जिसके आधार पर आरोपी को दूसरी बार जमानत दी जा सके। अपर सेशन न्यायाधीश मधु हिसारिया ने अपराध की गंभीरता और शेष गवाहों की गवाही को ध्यान में रखते हुए जुबेर मेमन की दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Nov 2026, 10:10 PM IST
Published on:
26 Nov 2026, 10:10 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़




