
Kota-Bhopal New Rail Line (सांकेतिक तस्वीर-एआई)
कोटा। हाड़ौती से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना का काम अब अंतिम चरण में पहुंच रहा है। इस रेल लाइन के शुरू होने से कोटा और भोपाल के बीच रेल यात्रा की दूरी करीब 100 किलोमीटर तक घटने और यात्रियों के 2 से 3 घंटे बचने की उम्मीद है। राजस्थान और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाली 276.5 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना में अब तक 234 किलोमीटर ट्रैक तैयार हो चुका है। रेलवे का लक्ष्य अप्रेल 2027 तक पूरी परियोजना को चालू करने का है।
करीब 3,035 करोड़ रुपए की मूल स्वीकृत लागत वाली इस परियोजना का निर्माण वर्ष 2005 के आसपास शुरू हुआ था। अब इसकी लागत संशोधित होकर करीब 5,073 करोड़ रुपए हो चुकी है। परियोजना के तहत कुल 27 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इससे कोटा, झालावाड़, राजगढ़, सीहोर और भोपाल सहित कई छोटे कस्बों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
परियोजना का कुल 276.5 किलोमीटर हिस्सा दो रेल मंडलों में बंटा हुआ है। कोटा मंडल के हिस्से में 165 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण होना है। इसमें से 145 किलोमीटर ट्रैक तैयार हो चुका है। शेष 20 किलोमीटर का काम जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं भोपाल मंडल के हिस्से में 111 किलोमीटर रेल लाइन आती है। इसमें से 89 किलोमीटर ट्रैक तैयार हो चुका है। शेष 22 किलोमीटर का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने की तैयारी है। इस साल भोपाल मंडल में श्यामपुर-कुरावर, ब्यावरा-सोनकच्छ और सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ सहित कई हिस्सों में नई रेल लाइन का काम पूरा कर उन्हें चालू किया गया है।
इस परियोजना में पहाड़ी और दुर्गम इलाकों को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। रेल लाइन पर चार सुरंगें, चार बड़े पुल, 34 मुख्य पुल और 171 अंडरपास बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा रेलवे ओवरब्रिज, विद्युतीकरण और सिग्नलिंग का काम भी किया जा रहा है। नई लाइन से मध्य प्रदेश और राजस्थान के उन क्षेत्रों को भी रेल नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जहां अभी रेल संपर्क सीमित है।
नई रेल लाइन का फायदा केवल यात्री ट्रेनों तक सीमित नहीं रहेगा। झालावाड़ स्थित कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट तक कोयला पहुंचाने का रेल मार्ग करीब 42 किलोमीटर छोटा हो सकेगा। इससे माल ढुलाई की दूरी और परिवहन लागत कम होने की उम्मीद है। वहीं जयपुर से दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों को भी करीब 115 किलोमीटर छोटा वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। इससे परिचालन समय और ईंधन की बचत होगी।
परियोजना पूरी होने के बाद कोटा, झालावाड़, राजगढ़, सीहोर और भोपाल के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों को शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और पर्यटन के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार, नई रेल लाइन हाड़ौती और मालवा क्षेत्र के बीच आवागमन का नया विकल्प बनेगी।
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार, परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। रेलवे का लक्ष्य अप्रेल 2027 तक इसे चालू करने का है। इसके शुरू होने से हाड़ौती के यात्रियों को भोपाल और मालवा क्षेत्र तक पहुंचने के लिए नया और सुविधाजनक रेल विकल्प मिलेगा।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Nov 2026, 7:30 PM IST
Published on:
26 Nov 2026, 7:30 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़




