26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / Rajasthan: कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में सत्यवीर अलोरिया अध्यक्ष नियुक्त, प्रतीक सिंह को-चेयरपर्सन बने, 7 कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त

Rajasthan: कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में सत्यवीर अलोरिया अध्यक्ष नियुक्त, प्रतीक सिंह को-चेयरपर्सन बने, 7 कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त

राजस्थान कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया विभाग की कमान बदल दी है। युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव सत्यवीर अलोरिया को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ प्रतीक सिंह को-चेयरपर्सन बनाए गए हैं, जबकि सात नेताओं को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 26 Nov 2026, 6:53 PM IST

Satyaveer Aloriya

Satyaveer Aloriya: प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मिलते सत्यवीर अलोरिया (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। अब पार्टी के सोशल मीडिया विभाग में बड़ा बदलाव किया गया है। युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव सत्यवीर अलोरिया को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग का चेयरपर्सन (प्रदेशाध्यक्ष) नियुक्त किया गया है। उनके साथ प्रतीक सिंह को को-चेयरपर्सन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सात नेताओं को विभाग में कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 25 नवंबर को नियुक्तियों के आदेश जारी किए। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

सात नेताओं को बनाया कोऑर्डिनेटर

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राजस्थान सोशल मीडिया विभाग में सत्यवीर अलोरिया चेयरपर्सन और प्रतीक सिंह को-चेयरपर्सन होंगे। वहीं गोविंद पटेल, विनिता जैन, गिरीश कुमार शर्मा, तौफीक खान, करण मीणा, गुरमीत चरपोटा और दिनेश गोलिया को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। इस तरह प्रदेश स्तर पर सोशल मीडिया विभाग की नई टीम बनाई गई है।

सत्यवीर अलोरिया को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद अब प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया से जुड़े अभियानों और संगठन के डिजिटल प्रचार-प्रसार की कमान उनके हाथों में होगी। इससे पहले सुमित भगासरा राजस्थान कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष थे। नई नियुक्तियों के साथ विभाग में नेतृत्व और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

डोटासरा, गहलोत और जूली ने दी बधाई

सत्यवीर अलोरिया की नियुक्ति के बाद प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें और नई टीम को बधाई दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए बताया कि सत्यवीर अलोरिया ने पीसीसी में उनसे मुलाकात की और नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सत्यवीर अलोरिया, को-चेयरपर्सन प्रतीक सिंह और सभी नवनियुक्त कोऑर्डिनेटर्स को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाएगी।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नई टीम अपनी ऊर्जा, अनुभव और सक्रियता से संगठन को मजबूती देगी तथा आमजन की आवाज को सोशल मीडिया के जरिए प्रभावी ढंग से उठाएगी।

अब नई टीम के सामने संगठन को डिजिटल मजबूती देने की जिम्मेदारी

राजस्थान में कांग्रेस के लिए सोशल मीडिया विभाग की भूमिका राजनीतिक और संगठनात्मक लिहाज से महत्वपूर्ण है। नई टीम के सामने पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने, जनहित के मुद्दों को उठाने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।