26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Kota / कोटा में हिस्ट्रीशीटर के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 40 लाख का मकान जमींदोज; दर्ज हैं 11 मुकदमे

कोटा में हिस्ट्रीशीटर के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 40 लाख का मकान जमींदोज; दर्ज हैं 11 मुकदमे

कोटा ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग’ के तहत हिस्ट्रीशीटर देवेन्द्र गुर्जर का 40 लाख का मकान जमींदोज कर दो बीघा चरागाह भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई। आरोपी के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोटा

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 26 Nov 2026, 1:51 PM IST

kota bulldozer action

हिस्ट्रीशीटर देवेन्द्र गुर्जर, 40 लाख का मकान जमींदोज कर दो बीघा चरागाह भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई (पत्रिका फोटो)

कोटा: अपराधियों पर शिकंजा कसने और अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कोटा ग्रामीण पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग’ के तहत पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने देवली मांझी क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर देवेंद्र गुर्जर के चरागाह भूमि पर कथित रूप से किए गए अवैध कब्जे को हटाते हुए पक्के मकान और बाड़े को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। करीब दो बीघा चरागाह भूमि पर बने इस मकान की अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के बाद अतिक्रमणमुक्त कराई गई सरकारी भूमि को प्रशासन ने अपने कब्जे में लिया।

कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि कोटा ग्रामीण जिले में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले अपराधियों और उनकी अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देवली मांझी थाना क्षेत्र के निवासी हिस्ट्रीशीटर देवेंद्र गुर्जर की ओर से चरागाह भूमि पर किए गए अतिक्रमण की राजस्व विभाग की टीम से जांच करवाई गई थी। जांच में चरागाह की दो बीघा भूमि पर अतिक्रमण कर 2000 वर्गफीट का मकान और बाड़ा बनाए जाने की बात सामने आई।

नोटिस जारी करने के बाद तोड़ा मकान

इसके बाद कनवास तहसीलदार एवं प्रशासन की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी किए गए। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद 26 नवंबर 2026 को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तथा जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त करवाकर करीब दो बीघा चरागाह भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।

11 मामलों में नामजद है हिस्ट्रीशीटर

पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर देवेंद्र गुर्जर के खिलाफ मारपीट, राजकार्य में बाधा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े 11 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके द्वारा अपराधों से अर्जित संपत्तियों तथा अवैध कब्जों के जरिए बनाई गई संपत्तियों को चिह्नित किया जा रहा है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कानून के तहत लगातार कार्रवाई की जाएगी।

अपराधियों की संपत्तियों पर रहेगी नजर

कोटा ग्रामीण पुलिस की ओर से सक्रिय अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग’ चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के पर्यवेक्षण में सभी वृत्ताधिकारियों एवं थानाधिकारियों को अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर संबंधित विभागों के समन्वय से नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस कार्रवाई के दौरान वृत्ताधिकारी राजकुमार सुसन, कनवास तहसीलदार महेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार पवन मीणा, सांगोद थाना प्रभारी गिरिराज शर्मा, देवली मांझी थाना प्रभारी, अन्य पुलिसकर्मी तथा आरएसी का जाब्ता मौजूद रहा। पुलिस-प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने और सक्रिय अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।