Hindi News / Rajasthan / Kota / Kota Mandi: धान की बंपर आवक के बीच रविवार को भी भामाशाहमंडी में हुआ कारोबार, किसानों को मिली राहत
Kota Mandi: धान की बंपर आवक के बीच रविवार को भी भामाशाहमंडी में हुआ कारोबार, किसानों को मिली राहत
Kota Mandi News: धान की बंपर आवक के बीच कोटा की भामाशाहमंडी में रविवार को कारोबार शुरू कराने की पहल किसानों के लिए राहत लेकर आई। एक दिन में करीब सवा लाख बोरी धान की खरीद-फरोख्त हुई। मध्य प्रदेश से आए 200 से 250 वाहनों और कोटा संभाग के किसानों को अपनी उपज बेचने का मौका मिला।
Kota: भामाशाहमंडी में धान की खरीद-फरोख्त (फोटो-पत्रिका)
कोटा। धान की बंपर आवक के चलते भामाशाहमंडी में बढ़ते दबाव के बीच रविवार को भी कारोबार जारी रहा। मंडी में संभवत: पहली बार आधिकारिक रूप से रविवार को खरीद-फरोख्त होने से किसानों को बड़ी राहत मिली। एक ही दिन में करीब सवा लाख बोरी धान का कारोबार हुआ। मंडी समिति की ओर से विक्रय पर्चियां भी जारी की गईं, जिससे रविवार को हुए कारोबार को आधिकारिक रूप से दर्ज किया गया।
कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन की पहल पर मंडी प्रशासन ने किसान हित में रविवार को मंडी चालू रखने का निर्णय लिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि रविवार को कारोबार शुरू कराने के लिए मंडी प्रशासन से बातचीत की गई थी। मंडी सचिव मनोज मीणा भी किसानों की सुविधा को देखते हुए अवकाश के दिन मंडी खोलने पर सहमत हो गए। इसके बाद पल्लेदार एसोसिएशन और मुनिम एसोसिएशन के पदाधिकारियों से चर्चा की गई। सभी संगठनों की सहमति मिलने के बाद रविवार को मंडी में कारोबार शुरू कराया गया।
शनिवार रात से रविवार सुबह तक मिली एंट्री
शनिवार रात से रविवार सुबह तक कृषि जिंसों से भरे वाहनों को मंडी में प्रवेश दिया गया। इसके बाद दिनभर नीलामी प्रक्रिया चली। इस व्यवस्था से उन किसानों को राहत मिली, जो पिछले दो दिनों से अपनी उपज बेचने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। रविवार को किसानों को धान के भाव भी पिछले दिनों के मुकाबले 200 से 250 रुपए प्रति क्विंटल तक अधिक मिले।
धान की बंपर आवक के चलते मध्य प्रदेश से करीब 200 से 250 वाहन उपज लेकर भामाशाहमंडी पहुंचे थे। ये वाहन मंडी गेट के बाहर खड़े थे। वहीं, कोटा संभाग के किसान भी अपनी उपज बेचने के लिए कतार में थे। लगातार बढ़ते दबाव और किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए रविवार को मंडी खोलने का फैसला किया गया। इससे मंडी में वाहनों की कतार और जाम की स्थिति से भी काफी हद तक निजात मिली।
मंडी समिति के सचिव ने क्या कहा?
भामाशाह कृषि उपज मंडी समिति के सचिव मनोज मीणा ने बताया कि ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन की पहल पर रविवार को कारोबार संभव हो सका। इस दौरान करीब सवा लाख कट्टे धान की नीलामी हुई। किसानों का विश्वास बनाए रखने और उन्हें उपज बेचने के लिए अतिरिक्त दिन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई। इससे मंडी में जमा माल की निकासी और कारोबार को गति देने में भी मदद मिली।
धान की लगातार आवक के बीच रविवार को मंडी खोलने का फैसला किसानों के लिए राहतभरा साबित हुआ। व्यापारियों, मंडी प्रशासन, पल्लेदारों और मुनिमों के आपसी सहयोग से एक दिन अतिरिक्त कारोबार होने से मंडी पर बना दबाव कम करने में मदद मिली।