22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Kota / कोटा सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत पर PM मोदी ने की मुआवजे की घोषणा, राष्ट्रपति मुर्मू ने भी जताया शोक

कोटा सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत पर PM मोदी ने की मुआवजे की घोषणा, राष्ट्रपति मुर्मू ने भी जताया शोक

कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख जताया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोटा

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 22 Nov 2026, 12:12 PM IST

Kota road accident condolences

कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती घायल (Photo-Patrika)

कोटा. राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता की घोषणा की है। वहीं सीएम भजनलाल ने भी हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया है।

मृतकों के आश्रितों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि राजस्थान के कोटा में हुए इस दर्दनाक हादसे में लोगों की जान जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मेरी पूरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में घायल हुए लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने ऐलान किया कि हादसे में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी, जबकि घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त की संवेदना

हादसे पर शोक प्रकट करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी 'X' पर लिखा, "कोटा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

CM भजनलाल शर्मा ने भी जताया दुख, बेहतर इलाज देने के दिए निर्देश

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के जरिए इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौटते समय हुआ था हादसा

गौरतलब है कि शनिवार देर रात करीब एक बजे कोटा के नांता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास यह भीषण हादसा हुआ था। महाराष्ट्र के धुले जिले का एक परिवार ओंकारेश्वर, पुष्कर और खाटूश्यामजी के दर्शन कर क्रूजर गाड़ी से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 सदस्यों की जान चली गई। वहीं, 3 साल के मासूम और ट्रक चालक समेत कई लोग घायल हो गए, जिनका कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज जारी है।