22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Kota / कोटा-उदयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत

कोटा-उदयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत

कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास तेज रफ्तार क्रूजर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रक ड्राइवर समेत 7 लोग घायल हो गए।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोटा

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 22 Nov 2026, 8:18 AM IST

Kota Udaipur Highway Accident

Kota Udaipur Highway Accident

Kota Udaipur Highway Accident: कोटा: राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 9 लोगों की जान चली गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में ट्रक चालक समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

घटना शनिवार रात करीब एक बजे नांता थाना क्षेत्र में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य की निगरानी की। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

खाटूश्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार

पुलिस के मुताबिक, क्रूजर में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 16 सदस्य यात्रा कर रहे थे। परिवार धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए मंगलवार को महाराष्ट्र से रवाना हुआ था। श्रद्धालुओं ने पहले मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और फिर राजस्थान के पुष्कर व खाटूश्यामजी में दर्शन किए।

शनिवार रात सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। परिवार के 36 सदस्य तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे। सभी वाहन एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रहे थे। इसी दौरान सबसे आगे चल रही क्रूजर हादसे का शिकार हो गई।

8 लोगों ने घटनास्थल पर तोड़ा दम, महिला की अस्पताल में मौत

हादसे में क्रूजर सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला माधवी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।

न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, हादसे के बाद घायलों को अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल मनीषा को वेंटिलेटर पर रखा गया है।

हादसे में जान गंवाने वालों के नाम

मृतकों की पहचान उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी के रूप में हुई है। एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

पीछे चल रहे रिश्तेदारों ने देखा हादसे का भयावह मंजर

क्रूजर के पीछे दूसरे वाहन में सफर कर रहे प्रदीप ने बताया कि परिवार के सभी 36 सदस्य तीन गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। खाटूश्यामजी से दर्शन करने के बाद शनिवार रात महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए थे।

प्रदीप के मुताबिक, रास्ते में सभी गाड़ियां एक-दूसरे के आसपास चल रही थीं। अचानक आगे चल रही क्रूजर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जब पीछे मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे तो वाहन में कई लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। उन्हें बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।

ट्रक चालक को भी मारी टक्कर, 20 फीट दूर जाकर गिरा

दुर्घटना में घायल ट्रक चालक हारून (43) मध्य प्रदेश के खंडवा का रहने वाला है। उसने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण वाहन को सड़क किनारे रोकना पड़ा था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़ा होकर खराबी देख रहा था।

इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार क्रूजर ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर लगने से हारून करीब 20 फीट दूर जा गिरा और बेहोश हो गया।

हारून के अनुसार, करीब दस मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एंबुलेंस को दुर्घटना की सूचना दी। उसके सिर और घुटनों में चोटें आई हैं।

घायलों में तीन साल का मासूम भी शामिल

दुर्घटना में घायल लोगों में जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), सृजेत (3) और ट्रक चालक हारून (43) शामिल हैं। घायलों का न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्रूजर में फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।