Kota Horrific Road Accident : कोटा. तीन साल के श्रीजीत को अस्पताल में परिवार के कई सदस्यों की गोद मिल रही है, लेकिन उसकी आंखें तो मां की गोद तलाश रही हैं। उसकी मासूम आंखें कभी दरवाजे की ओर उठती हैं तो कभी आस-पास खड़े लोगों के चेहरों पर ठहर जाती हैं। वह अपनों को तलाश रहा है। मां को… दादा-दादी को… उन अपनों को, जिनके साथ वह खाटूश्यामजी के दर्शन करने निकला था। उसे क्या पता कि अब जिस मां का आंचल थामकर वह चलता था, वह आंचल हमेशा के लिए छूट चुका है। जिन दादा-दादी की गोद में उसकी किलकारियां गूंजती थीं, वे भी अब कभी उसे सीने से लगाने नहीं आएंगे।