
बीकानेर . नगर निगम की समिति अध्यक्षों को मौका निरीक्षण के लिए वाहन उपलब्ध करवाने को लेकर निगम आयुक्त की ओर से जारी एक आदेश से शुक्रवार को संशय की स्थिति पैदा हो गई। निगम आयुक्त निकया गोहाएन ने आदेश जारी कर निगम के समिति अध्यक्षों को मौका निरीक्षण के लिए वाहन उपलब्ध करवाने के आदेश जारी किए थे। हालांकि कुछ देर बाद ही गाड़ी के प्रावधान पर सवाल उठे तो आयुक्त ने समिति अध्यक्षों को गाड़ी देने के प्रावधान की समीक्षा करने की बात कह दी।
ऐसे में निगम आयुक्त की ओर से लिखित में जारी किया गया आदेश प्रभावी है या उनकी ओर से कही गई बात पर अमल होगा, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। संभावना बनी हुई है कि निगम आयुक्त समिति अध्यक्षों को मौका निरीक्षण के लिए वाहन उपलब्ध करवाने को लेकर संशोधित आदेश जारी कर सकते है।
ये है गठित कमेटियां
नगर निगम में वित्त, प्रशासनिक, गोशाला, अग्निशमन, सौन्दर्यकरण, स्वच्छता, निर्माण, प्रकाश, समझौता सहित 16 कमेटिया है। प्रत्येक कमेटी में अध्यक्ष सहित सदस्य पार्षद है। समिति अध्यक्षों को वाहन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था के साथ अब निगम को वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। निगम अधिकारियों के लिए 9 वाहन है जिनमें 6 अनुबंध पर लिए हुए है। ऐसे में समिति अध्यक्षों के लिए गाडिय़ा उपलब्ध करवाना मशक्कत भरा कार्य हो सकता है।
रहेगी कार्यों पर नजर
वाहन उपलब्ध होने से समिति अध्यक्ष हो रहे कार्यों पर निरीक्षण के माध्यम से नजर रख सकेंगे। कार्यों में सुधार होगा व उचित मोनिटरिंग का लाभ आमजन को मिलेगा।
राजेन्द्र कुमार शर्मा, अध्यक्ष स्वच्छता समिति।
इनका कहना है
समिति अध्यक्षों को वाहन भत्ता तथा वाहन उपलब्ध करवाए जाने के प्रावधान की समीक्षा की जरूरत है। यह देय नहीं है। वाहन उपलब्ध करवाने के आदेश दिए गए है पुनर्समीक्षा की जाएगी।
निकया गोहाएन, आयुक्त नगर निगम, बीकानेर।
पत्नी और बच्चों को परेशान करने पर जेल भेजा
बीकानेर. शराब के नशे में बच्चों और पत्नी को तंग परेशान करने वाले युवक को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश करने पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि सादुलगंज निवासी यह युवक शराब के नशे में बच्चों और पत्नी को प्रताडि़त करने की शिकायत मिली थी।
जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित प्रशांत शर्मा कार में सवार होकर भागने लगा। जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित पुलिस से ही झगडऩे पर उतारू हो गया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश मिले।