
स्नातक प्रवेश आवेदन 20 जून तक
बीकानेर. संभाग के सबसे बड़े राजकीय डूंगर महाविद्यालय में सत्र 2018-19 के लिए स्नातक प्रथम वर्ष में ऑनलाइन प्रवश प्रक्रिया जारी है। ऑनलाईन प्रवेश के आवेदन की अंतिम तारीख 20 जून है। यह बात कॉलेज प्राचार्य डॉ. बेला भनोत ने कही। डॉ. बेला ने बताया कि अभ्यर्थियों को एसएसओ आइडी से वेबसाइट पर इच्छित महाविद्यालय का चयन कर आवेदन ऑनलाइन भरना है। विगत तीन सत्रों (2016, 2017, 2018) के राजस्थान तथा केन्द्रीय बोर्ड से उत्तीर्ण विद्यार्थी को अंक तालिका की आवश्यकता नहीं होगी। उनका बोर्ड डेटा स्वत: ही भर जाता है। विद्यार्थी अंतिम तिथि का इंतजार न कर के शीघ्र आवेदन करें। अंतिम तिथि को सर्वर पर लोड होने के कारण अभ्यर्थियों को परेशानी हो सकती है। प्रवेश एवं प्रतीक्षा सूचि का प्रकाशन 25 जून को किया जाएगा। इन दोनों सूची में आए अभ्यर्थियों को २६ जून से ३ जुलाई तक महाविद्यालय में आवेदन-पत्र और बधाई पत्र की प्रति के साथ मूल दस्तावेज सत्यापित करवाने होंगे। साथ ही अभ्यर्थियों की सहायता के लिए एक हेल्प डेस्क का गठन भी किया गया है।
यह है आवेदनों की स्थिति
कॉलेज सहायक निदेशक दिग्विजयसिंह ने जिले की सभी सरकारी कॉलेज के आवेदनों की स्थिति बताई। जिसमें राजकीय डूंगर महाविद्यालय में बीए की १७६० सीटों पर १७२४, बीकॉम में ६४० सीटों पर ३३० तथा बीएससी बायोलोजी में ३५० में ३१८ व बीएससी मैथ्स में ३५० में ५७८ आवेदन आए है। राजकीय सुदर्शना कन्या महाविद्यालय में बीए में ७२० में ६९४, बीकॉम में १६० मे १५८, बीएससी बायोलोजी में १४० मे २१५ तथा बीएससी मैथ्स में ७० मे १२० आवेदन आए। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में बीए में १६० सीटों पर १५० आवेदन आए। राजकीय महाविद्यालय लूणकरणसर में बीए में १६० सीटो पर २००, बीएससी बायोलोजी में ३५ में १२ तथा बीएससी मैथ्स में ३५ में १५ आवेदन आए। राजकीय महाविद्यालय खाजूवाला में बीए में १६० सीटों पर ४७ पर आवेदन। राजकीय महाविद्यालय नोखा में बीए में ४८० सीटों पर ३०६, बीकॉम में २४० मे १०३, बीएससी बायोलोजी में ७० में ४१ तथा बीएससी मैथ्स में ७० सीटों पर ५६ आवेदन आए है।
समर इन्टर्नशिप कार्यक्रम आज
बीकानेर. मानव संसाधन मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर की ओर से इन्टर्नशिप प्रोग्राम के द्वितीय चरण में रिडमलसर पुरोहितान के अटल सेवा केन्द्र में मंगलवार को शाम ६ बजे ग्रामवासियों एवं ग्राम प्रशासन को स्वच्छता मिशन के बारे में विस्तृत जानकारी देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम में ग्रामवासियों को प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबन्ध, घर-मोहल्ले की स्वच्छता, बालिका शिक्षा एवं जल संरक्षण जैसे विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है।