
बीकानेर. दशहरा महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां परवान पर है। डॉ. करणीसिंह स्टेडियम, मेडिकल मैदान, धरणीधर मैदान व भीनासर में दशहरे को लेकर तैयारियां चल रही हैं। उत्तर प्रदेश व अन्य शहरों से आए कलाकार (कारीगर) रावण परिवार के पुतलों को आकार देने में जुटे हैं। इन पुतलों का दहन 30 सितंबर को होगा। इस दौरान आतिशबाजी का नजरा देखने को मिलेगा।
संभाग का सबसे बड़ा
धरणीधर खेल मैदान में रावण, कुंभकरण, मेघनाथ के पुतले आकार ले रहे हैं। धरणीधर दशहरा कमेटी के जितेन्द्र आचार्य व दुर्गाशंकर ने बताया कि इस बार संभाग का सबसे लंबा रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। भव्य स्तर पर उत्सव की तैयारी एक माह से चल रही है।
एक माह से जुटे हैं
डॉ.करणी सिंह स्टेडियम में बीकानेर दशहरा कमेटी व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम होगा। मैदान में उत्तर प्रदेश के बागपत से आए सलीम एवं उनकी टीम सवा माह से रावण, कुंभकरण, मेघनाद व ताड़का के पुतलों को आकार देने में जुटे हैं। इस बार रावण का पुतला 70 फीट लंबा होगा। आयोजन को लेकर कमेटी के कबीर झाम, सुमित, राकेश महेन्दीरत्ता आदि जुटे हैं।
यूं तैयार करते हैं
पुतले तैयार करने में बांस, कपड़ा, सूतली, कागज, कलर पेपर इत्यादि काम ली जा रही है। कारीगर मैदान में ही रहकर दिन-रात इन पुतलों को तैयार कर रहे हैं।
मेडिकल मैदान
राम-लक्ष्मण दशहरा कमेटी के तत्वावधान में मेडिकल कॉलेज मैदान में 30 सितंबर को मनाए जाने वाले दशहरा उत्सव की तैयारी चल रही है। यूपी से आए कारीगर रावण के पुतलों को आकार देने में जुटे हैं। आयोजन को लेकर सुभाष भोला इत्यादि सक्रिय भागीदारी निभा रहे है।
70 फीट का पुतला
दशहरा कमेटी भीनासर की ओर से 70 फीट का रावण का पुतला बनाया जा रहा है। कार्यकर्ता पुखराज सुथार, सूर्यप्रकाश पडि़हार, पंकज मोदी, हरिओम सुथार, मनमोहन सेवग आदि सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।