
शिक्षा विभाग के राज्य में स्थानान्तरण के लिए प्रतिबंधित जिलों के शिक्षकों का प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, पंजीयन शिक्षा विभागीय परीक्षाएं बीकानेर , एसआईक्यूई, आरटीई में बड़ी संख्या में प्रतिनियुक्तियों पर लगाने, ग्रामीण स्वेच्छा सेवा नियम को ताक पर रखकर अध्यापकों को निदेशालय में प्रतिनियुक्ति देने, शिक्षकों से प्रतिनियुक्तियों से गैर शैक्षणिक कार्य करवाने के प्रकरण सामने आए हैं।
इन मामलों को लेकर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में अफरा-तफरी मची हुई है। निदेशालय की ओर से इन प्रकरणों में फाइलें खंगाली जा रही है।राज्य सरकार की ओर से स्थानान्तरण में रोक के बावजूद प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय से श्रीगंगानगर, बीकानेर, उदयपुर और डूंगरपुर जिलों समेत अन्य स्थानान्तरण के लिए प्रतिबंधित जिलों से प्रतिनियुक्तियां की गई है।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी तरह की ऐसी प्रतिनियुक्तियों की जानकारी मांगी गई है। कौन से जिले में कहां कितनी प्रतिनियुक्तियां हुई हैं। निदेशालय में कितने लोगों को प्रतिनियुक्ति पर लगाया गया है। इसके आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में आरटीआई में निदेशालय से सूचना भी मांगी गई है। निदेशालय में जिन शिक्षकों की प्रतिनियुक्तियां की गई है उनकी सेवा पत्रावलियां निदेशालय की जीडीए शाखा में हैं।
ये पत्रावलियां मांगी गई
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में 2016 से अभी तक निदेशालय, रजिस्ट्रार शिक्षा विभागीय परीक्षाएं बीकानेर में लगाए गए शिक्षकों के आदेशों की प्रतिलिपियां, पत्रावली के नोट शीट, शिक्षकों के आवेदन, प्रतिनियुक्तियों में अपनाई गई प्रक्रिया की पत्रावली सम्बद्ध अनुभागों से मांगी गई है।
'शहर को साफ -सुथरा रखने में सहभागी बनें'
शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह तभी संभव हो सकता है जब सभी इस कार्य में सहभागिता निभाए। यह विचार महापौर नारायण चौपड़ा ने बुधवार को शहर के राजीव गांधी मार्ग सहित अनेक मार्गो पर जनसम्पर्क के दौरान आमजन व खान-पान की वस्तुओं, फलों का ज्यूस आदि बिक्री करने वाले थड़ी संचालकों से कहे।
उन्होंने शहर को साफ-सुथरा रखने में सहभागिता निभाने की अपील की। महापौर ने कहा कि कचरा पात्र में कचरा नहीं डालने पर शास्ती वसूली जाएगी तथा थड़ी को भी सीज किया जा सकता है। पार्षद राजा सेवग व अन्य जागरुक लोगों ने बीकानेर को स्वच्छ व हरा भरा बनाने में सहयोग का आग्रह किया।