बीकानेर

शिक्षा विभाग ने हटाई आठवीं बोर्ड के लिए उम्र की बाध्यता

बाध्यता से प्रदेश के हजारों विद्यार्थी आठवीं बोर्ड की परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे थे।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2017, 10:03 AM IST
Board exam

निजी और सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे 16 साल से अधिक आयु के विद्यार्थियों को आठवीं बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने से वंचित करने के आदेश को शिक्षा विभाग ने वापस ले लिया है। इस बाध्यता से प्रदेश के हजारों विद्यार्थी आठवीं बोर्ड की परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे थे।

'राजस्थान पत्रिका' ने गुरुवार के अंक में 'शिक्षा में उम्र का अड़ंगा' शीर्षक से टिप्पणी प्रकाशित कर इस अव्यवहारिक आदेश पर सवाल उठाए थे। जिस पर प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के शासन उप सचिव ने गुरुवार को इस बाध्यता को हटाने के आदेश जारी किए।

शासन उप सचिव घनश्याम लाल शर्मा ने प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के निदेशक को भेजे आदेश में कहा कि प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र परीक्षा (आठवीं बोर्ड) के निर्देशों के बिन्दू 52 में विद्यार्थियों के आवेदन करने की आयु सीमा 16 वर्ष रखी गई है।

आयु सीमा के इस प्रतिबंध में शिथिलता प्रदान की जाती है। इसके साथ ही शासन सचिव ने अगले साल एेसी परेशानी नहीं हो, इसके लिए आयु सीमा में स्थाई समाधान के लिए प्रस्ताव भी मांगा है।

निदेशालय टीम ने किया कार्यशालाओं का निरीक्षण
जिले में संचालित क्लस्टर मासिक कार्यशालाओं का निरीक्षण गुरुवार को शिक्षा निदेशालय की टीम ने किया। निदेशालय टीम में एआईक्यूई अनुभाग प्रभारी वीणा सोलंकी, विषय विशेषज्ञ नंदकिशोर शर्मा और हर्षवर्धन हर्ष एवं जोनल सपोर्ट फेलो चन्द्रशेखर शर्मा ने कार्यशालाओं का अवलोकन कर अकादमिक संबल प्रदान किया।

टीम सदस्यों ने शिक्षण
प्रक्रिया में ई-कण्टेण्ट के प्रभावी उपयोग, एसआईक्यूई दस्तावेजों के संधारण तथा बहुस्तरीय
एवं बहुकक्षीय शिक्षण की आवश्यकता और प्रक्रिया पर संभागियों की समझ बनाने का प्रयास किया गया।

सेना भर्ती का परिणाम जारी
श्रीगंगानगर में गत 29 अक्टूबर को आयोजित सेना भर्ती परीक्षा के सैनिक सामान्य पद, सैनिक ट्रेडमेन, सैनिक तकनीकी पद के परिणाम गुरुवार को जारी कर दिए गए। परीक्षा का परिणाम भारतीय सेना की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू जोइनइंडियनआर्मी डॉट इन पर देखा जा सकता है।

दूरभाष नंबर 0141-2776128 पर कॉल कर भी परिणाम पता किया जा सकता है। भर्ती निदेशक कर्नल देवराज पात्र ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों केा 19 नवंबर को सुबह 6 बजे सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनूं में मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।

Published on: