रंगों में इस्तेमाल होने वाले रसायन हों या खेतों में छिड़के जाने वाले कीटनाशक, इनका बढ़ता उपयोग पर्यावरण और मानव जीवन के लिए चुनौती बन रहा है। इनके दुष्प्रभावों को कम करने के लिए प्राकृतिक और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने होंगे। हर्बल डाई को बढ़ावा देने, खेती में रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता घटाने और वायु गुणवत्ता सुधारने जैसे मुद्दे शुक्रवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय में शुरू हुए दो दिवसीय सम्मेलन में प्रमुखता से उठे। 'मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च इन एनवायरनमेंटल सस्टेनेबिलिटी एंड रेडिएशन टॉक्सिकोलॉजी' विषयक सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने शोध पत्रों और अनुभवों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक उपाय सुझाए। आयोजन सचिव प्रो. ममता शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, वन एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। रंगों में मिलाए जाने वाले हानिकारक रसायनों का उपयोग कम करने और प्राकृतिक एवं हर्बल डाई को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।