नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन में गुरुवार को उप चुनाव हुआ। मतदान शांतिपूर्ण रहा। प्रात: 7 बजे से शाम 5 बजे तक चली मतदान प्रक्रिया में कुल 59.39 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। शुक्रवार को मतगणना होगी।
बीकानेर. नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन में गुरुवार को उप चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। उप चुनाव में वार्ड क्षेत्र के 59.39 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। वार्ड क्षेत्र के 5624 कुल मतदाताओं में से 3340 मतदाताओं ने वोट डाले। प्रात: सात बजे से शाम 5 बजे तक चली मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं में उत्साह रहा। मतदाताओं ने मतदान केन्द्रों पर कतारों में लगकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार प्रात: 9 बजे तक 11.84 प्रतिशत, मध्याह्न 12 बजे तक 34.48 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 49.91 प्रतिशत, शाम 5 बजे तक 59 प्रतिशत और फाइनल मतदान 59.39 फीसदी मतदान हुआ। मतगणना शुक्रवार प्रात: 9 बजे रथखाना िस्थत ईवीएम वेयर हाऊस परिसर में होगी व चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।
629 मतदाता बढ़े, 381 वोट कम पड़े
वार्ड क्षेत्र में करीब पौने पांच साल बाद उप चुनाव हुआ। वर्ष 2019 में हुए मतदान की तुलना में इस बार मतदान का प्रतिशत लगभग 15 प्रतिशत कम रहा है। हालांकि वर्ष 2019 में हुए चुनाव के समय रही मतदाताओं की संख्या में इस बार इजाफा हुआ है। वर्ष 2019 में वार्ड क्षेत्र में कुल मतदाता 4995 थे, जबकि उप चुनाव के दौरान मतदाताओं की संख्या 5624 रही। 629 मतदाता बढ़े। वर्ष 2019 में 3721 मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया था, जबकि उप चुनाव में 3340 मतदाताओं ने वोट डाले। गत चुनाव की तुलना में उप चुनाव में 381 मतदाताओं ने कम वोट डाले है।
चाक चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
उप चुनाव के दौरान वार्ड क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। मतदान केन्द्रों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं पुलिस के अधिकारी मतदान केन्द्रों पर लगातार नजर बनाए रखे।
पार्षद, पदाधिकारी, कार्यकर्ता रहे सक्रिय
उप चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मतदान के दौरान सक्रिय रहे। वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थक-कार्यकर्ता भी सुबह से शाम तक सक्रिय नजर आए। शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य, उप महापौर राजेन्द्र पंवार, मोहन सुराणा, विजय उपाध्याय सहित कई पार्षद वार्ड क्षेत्र में मौजूद रहे। वहीं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यशपाल गहलोत, श्रीलाल व्यास, मनोज किराडू सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रामदेवरा मेले का असर
उप चुनाव के दौरान कम हुए मतदान पर चर्चाए भी चली। वार्ड निवासियों और राजनीतिक पार्टियों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि वार्ड क्षेत्र से कई मतदाता रामदेवरा पैदल यात्रा पर गए हुए है, वहीं अनेक वार्ड निवासी पैदल यात्रियों के लिए गए सेवा जत्थों में सेवादार के रूप में भी गए हुए है। इसका असर मतदान पर पड़ा है। वहीं कई लोग उप चुनाव में अधिक उत्साह नहीं होने का कारण भी कम मतदान के लिए बताते नजर आए।
मतदान की तुलनात्मक िस्थति
वर्ष- कुल वोट, वोट पड़े - मतदान प्रतिशत
2019 - 4995 -3721 - 74.49 प्रतिशत
2024 - 5624 - 3340 - 59.39 प्रतिशत
ऐसे हुआ मतदान
समय - मत पड़े - मतदान प्रतिशत
प्रात: 9 बजे तक - 666 - 11.84
12 बजे तक - 1939 - 34.48
शाम 3 बजे तक - 2807 - 49.91
शाम 5 बजे तक - 3318 - 59.00
फाइनल मतदान - 3340 - 59.39