
करीब एक शताब्दी पहले रोड़ा गांव की करीब पौने तीन सौ बीघा भूमि पर पूर्व महाराजा गंगासिंह ने जिस नोखा कस्बे को सुनियोजित तरीके से बसाया था, आज उसी कस्बे में आवासीय भूमि का संकट विकराल रूप लेता जा रहा है। आबादी और शहरी विस्तार के साथ आवास की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके अनुपात में नए आवासीय क्षेत्र विकसित नहीं हो पा रहे हैं। हालात यह हैं कि नगरपालिका के पास आवासीय योजना विकसित करने के लिए एक इंच भी जमीन उपलब्ध नहीं है। दूसरी ओर पालिका क्षेत्र की सीमा से सटे खेत-खेडियां भी लगभग भर चुकी हैं। ऐसे में शहर में अपना आशियाना बनाने का सपना देखने वाले मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के सामने सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर उन्हें सस्ती आवासीय जमीन कहां मिलेगी?
बढ़ती आबादी, सिमटते आवासीय विकल्प
नोखा का विस्तार पिछले कुछ वर्षों में तेजी से हुआ है। व्यापार, शिक्षा, रोजगार और बेहतर सुविधाओं के कारण आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां आकर बस रहे हैं। नई पीढ़ी के परिवारों को अलग मकान की जरूरत है। वहीं नौकरीपेशा और छोटे कारोबारियों की भी शहर में अपना घर बनाने की इच्छा है, लेकिन आवासीय भूमि की सीमित उपलब्धता के चलते मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है। पहले जहां शहर के बाहरी इलाकों में अपेक्षाकृत कम कीमत पर भूखंड मिल जाते थे। वहीं अब ऐसे विकल्प भी लगातार कम होते जा रहे हैं।
खेत-खेडियां भी नहीं दे पा रहे राहत
शहर की सीमा के आसपास विकसित हुए खेत-खेडियां कभी कम बजट में मकान बनाने वालों के लिए बड़ा सहारा हुआ करते थे। कम कीमत और शहर के नजदीक होने के कारण लोगों ने इन क्षेत्रों में खूब जमीन खरीदी और मकान बनाए। धीरे-धीरे इन क्षेत्रों में भी निर्माण बढ़ता गया और अब अधिकांश उपलब्ध जमीन पर बसावट हो चुकी है, जो जमीन बची है, उसकी कीमतें भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। ऐसे में मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने विकल्प लगातार सीमित होते जा रहे हैं।
निजी डेवलपर भी नहीं दिखा रहे रुचि
आवासीय भूमि की समस्या का समाधान निजी क्षेत्र की भागीदारी से भी निकल सकता है, लेकिन यहां भी परिस्थितियां अनुकूल नजर नहीं आ है रही हैं। जमीन की बढ़ती कीमत, बड़े निवेश की जरूरत, आधारभूत सुविधाओं के विकास का खर्च और भू-रूपांतरण सहित अन्य प्रक्रियाओं की जटिलताओं के चलते निजी डेवलपर भी नई आवासीय योजनाएं लाने का जोखिम उठाने से कतरा रहे हैं। महंगी जमीन खरीदकर योजना विकसित करने के बाद उचित कीमत पर भूखंड उपलब्ध करवाना उनके लिए भी चुनौती बन गया है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ता पर पड़ रहा है।
नियोजन के अभाव में भविष्य की चुनौती
करीब सौ वर्ष पहले सीमित आबादी को ध्यान में रखकर बसाया गया नोखा आज तेजी से विस्तार की जरूरत महसूस कर रहा है। ऐसे में भविष्य की आबादी और आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर दीर्घकालीन योजना बनाने की जरूरत है। नगरपालिका और नगरीय विकास से जुड़े विभागों को नए आवासीय क्षेत्रों के लिए सरकारी भूमि की उपलब्धता तलाशने, राजकीय भूमि के नियोजन और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में ठोस पहल करनी होगी। साथ ही मध्यम और निम्न आय वर्ग के लिए किफायती आवास योजनाओं पर भी गंभीरता से विचार करना होगा।
शहरी नियोजन की जरूरत
यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं तलाशा गया तो आगामी वर्षों में नोखा में आवासीय भूमि का संकट और गंभीर हो सकता है। पूर्व महाराजा गंगासिंह के बसाए इस कस्बे के सुनियोजित विकास के लिए अब नए आवासीय क्षेत्रों की तलाश और ठोस शहरी नियोजन समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है।