बीकानेर

नकली घी के कारोबार का भंडाफोड़, रतनगढ़ में पकड़ी नकली घी बनाने की फैक्ट्री

जिले से सटते चूरू के रतनगढ़ में हाल ही नकली घी के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। नकली के कारोबार का सरगना नोखा का ओमप्रकाश पाणेचा है।
2 min read
• •
Updated: 26 Apr 2018, 8:11 AM IST
Feature image

बीकानेर . जिले से सटते चूरू के रतनगढ़ में हाल ही नकली घी के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। नकली के कारोबार का सरगना नोखा का ओमप्रकाश पाणेचा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। एसएचओ राणीदान उज्ज्वल ने बताया कि २३ अप्रेल को रतनगढ़ के रीको औद्योगिक क्षेत्र में रोड नंबर छह पर प्लॉट नंबर एच १६९ में नकली घी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी थी।

यहां खड़े एक ट्रक में विभिन्न ब्रांड के नकली घी के टिन लदे थे। इसके अलावा पॉम आयल से भरा टैंकर, हजारों टिन, डिब्बे तथा विभिन्न ब्रांड के पोस्टर सहित उपकरण व मशीनें जब्त की गई थी। यह फैक्ट्री ओमप्रकाश पाणेचा की है। फैक्ट्री को सील कर दिया तथा मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया। फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वह फैक्ट्री का घी राघव, बेस्ट बेरी, सरिता, बेस्ट बेकरी, स्मार्ट आदि ब्रांड से बेचता था। जब्त घी की कीमत करीब ७० लाख रुपए आंकी गई है।

दो साल पहले भी हुई थी कार्रवाई
दो साल पहले नोखा में पुलिस ने ओमप्रकाश पाणेचा की नकली घी फैक्ट्री पर छापा मार कर बड़ी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों का नकली घी और पॉम आयल बरामद किया था। इस पर पाणेचा को एकबारगी जेल की हवा खानी पड़ी, जहां से वह पुलिस कर्मचारी के साथ फरार हो गया था। कुछ समय बाद पाणेचा व पुलिस कर्मचारी ने उच्चाधिकारी के समक्ष सरेंडर किया था। इसके बाद उसे जेल भिजवा दिया गया। कुछ समय बाद दोनों जमानत पर छूट गए थे।

जेल से छूटते ही फिर कारोबार
जेल से छूटने के कुछ समय बाद ही ओमप्रकाश पाणेचा फिर नकली घी बनाने के कारोबार में जुट गया। इसकी फैक्ट्री में बनने वाला घी बीकानेर सहित श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, जोधपुर , चूरू, बाड़मेर, जोधपुर, हरियाण सहित कई जगह सप्लाई किया जा रहा था।

सस्ते के लालच में स्वास्थ्य से खिलवाड़
फैक्ट्रियों में तैयार होने वाले नकली घी को देशी बताकर सस्ते में बेचा जाता है। आम लोग सस्ते के लालच में आकर स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। घी बेचने वाले आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर अच्छा मुनाफा कमाते हैं। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता व लापरवाही से इनका धंधा फल-फूल रहा है।

Published on: