
लूणकरनसर. उदेशियां गांव की रोही में मिले पदचिन्ह के बाद गुरुवार को चक एक बीएचएम में किसानों को पैंथर नजर आया। सूचना मिलते ही वन विभाग के कार्मिकों ने काफी तलाश की लेकिन पैंथर दिखाई नहीं दिया। चक एक बीएचएम के दिनेश मांझू ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब ४.३० बजे चक निवासी सुशील अपने भाई के साथ खेत में पानी लगा रहा था। इस दौरान उनको पैंथर नजर आया और अचानक तेज गति से गायब हो गया। इसके बाद शाम को भी पैंथर दिखाई दिया लेकिन बाद में सरसों के खेत में भागने से दिखाई नहीं दिया। इसके बाद वन विभाग के वनरक्षक विजयसिंह व विजयपाल मेघवाल ने भी ग्रामीणों के साथ पैंथर की तलाश की।
वनरक्षक विजयसिंह ने बताया कि तेजाणा फांटा के पास चक एक बीएचएम में गेहूं के खेत में एक जंगली जानवर के पदचिन्ह नजर आए हैं जो उदेशियां की रोही में मिले पदचिन्ह से मिलते-जुलते है। जंगली जानवर के गेहूं के खेत में घूमने तथा शिकार करने के निशान भी मिले है। इसके बाद खेत में तिरपाल पर बैठा है तथा उसने शिकार को खेत में एक तूड़ी के ढेर पर खाया है लेकिन शिकार का अवशेष नहीं छोड़ा। तूड़ी के ढेर पर मिट्टी पर खून मिला है।