बीकानेर

Bikaner Accident: पिता के साथ ही थम गईं बेटे की सांसें, ड्रेस-किताब खरीदकर लौटते वक्त तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने मारी टक्कर

Uncontrolled Car Hit Bike: खारिया निवासी श्रवणराम जाट ने मान्याणा में खेत काश्त कर रखा था। वह गुरुवार को बेटे मुकेश को स्कूल ड्रेस व किताबें दिलाने के लिए बाइक से नोखा आया था। दोनों किताबें लेकर वापस बाइक से खेत लौट रहे थे।

2 min read
Apr 17, 2026
Car-Bike Collision
हादसा स्थल पर कार और बाइक की फोटो: पत्रिका

Father-Son Died In Road Accident: बीकानेर रोड पर बुधरों की ढाणी के पास गुरुवार को कार और बाइक की भिड़ंत हो गई, जिसमें पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में स्कॉर्पियो में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान घायलों में से एक ने दम तोड़ दिया। हादसे में दोनों वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और शिनाख्त की कार्यवाही शुरू की।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान खारिया गांव निवासी श्रवणराम (39) पुत्र सुखाराम जाट और उनके पुत्र मुकेश जाट (15) के रूप में हुई है। तीसरे मृतक जागलूं गांव निवासी कुशाल (39) पुत्र जीवराज थे। पिता-पुत्र की एक साथ मौत होने की खबर मिलने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

दुर्घटना के बाद सड़क पर लगे वाहनों के जमावड़े को पुलिस ने सुचारू करवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर दूर खड़ा कराया। वहीं पुलिस ने पिता-पुत्र के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

ड्रेस-किताब खरीद कर लौट रहे थे पिता-पुत्र

एएसआइ राजूराम ने बताया कि खारिया निवासी श्रवणराम जाट ने मान्याणा में खेत काश्त कर रखा था। वह गुरुवार को बेटे मुकेश को स्कूल ड्रेस व किताबें दिलाने के लिए बाइक से नोखा आया था। दोनों किताबें लेकर वापस बाइक से खेत लौट रहे थे। इसी दौरान बुधरों की ढाणी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटते समय बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे श्रवणराम व मुकेश दोनों की मौके पर ही मौत हो गई ।

हादसे में कार में सवार जांगलू निवासी कुशाल गंभीर रुप से घायल हो गया । उसे घायलवस्था में नोखा के राजकीय जिला अस्पताल में लाया गया, यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीकानेर रेफर कर दिया । बाद में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया । गाड़ी चालक को भी चोट आई हैं ।

Published on:
17 Apr 2026 12:16 pm