तहसील क्षेत्र में इंसानियत और मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति पर अपनी १३ साल की पुत्री से दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
बीकानेर/छतरगढ़. तहसील क्षेत्र में इंसानियत और मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति पर अपनी १३ साल की पुत्री से दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। वहीं मामला उजागर होने के बाद आरोपित पिता ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।
एसएचओ विकास चौधरी ने बताया कि तहसील क्षेत्र के आरोपित पिता पर अपनी नाबालिग पुत्री को खेत में सिंचाई के बहाने ले जाकर बलात्कार करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि एेसा करीब तीन महीने से चल रहा था। गत १४ अगस्त को पीडि़ता ने अपनी मां-दादी को आपबीती सुनाई। इसके बाद उसके नाना ने छतरगढ़ थाने में आकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दुष्कर्म एवं पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पीडि़ता का सोमवार को मेडिकल कराया जाएगा।
आरोपित की मौत
बलात्कार का मामला छतरगढ़ थाने में दर्ज होने के बाद आरोपी ने घर के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक के भाई ने उसकी पत्नी, साले-साली व ससुर पर बेवजह परेशान करने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए अलग मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्त की जगह परीक्षा देते युवक को पकड़ा
बीकानेर. दोस्त की जगह एलडीसी भर्ती परीक्षा देने पहुंचे मुन्नाभाई और मूल परीक्षार्र्थी दोनों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने केन्द्राधीक्षक की शिकायत पर यह कार्रवाई की। परीक्षार्थी जालौर जिले का रहने वाला है और उसका दोस्त सिरोही का।
जेएनवी थाना सीआइ मनोज माचरा ने बताया कि रामपुरिया लॉ कॉलेज में एलडीसी की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच के दौरान केन्द्राधीक्षक को एक अभ्यर्थी पर शक हुआ।
उन्होंने जेएनवीसी पुलिस थाना में सूचना दी। पुलिस ने परीक्षा केन्द्र पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की तथा अभ्यर्थी से पूछताछ करने पर उसने दोस्त की जगह परीक्षा दे रहे होने की बात स्वीकार की। इस पर फर्जी अभ्यर्थी सिरोही के केसुआ निवासी किशनपाल सिंह राजपूत को पकड़ा। उससे पूछताछ के बाद जेएनवीसी मूर्ति सर्किल के पास ढाबे पर बैठे मूल अभ्यर्थी जालौर जिले के वाड़ा भवजी निवासी महिपाल सिंह राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया। किशन और महिपाल दोनों आपस में रिश्तेदार भी है।
सीआइ माचरा ने बताया कि किशन पूर्व में भी एलडीसी की परीक्षा दे चुका है। वर्ष २०१६ में जालौर के भीनमाल में प्री बीएसटीसी की परीक्षा के दौरान जोगाराम की जगह परीक्षा देते हुए भी पकड़ा गया था। केन्द्राधीक्षक अनंत जोशी के मुताबिक परीक्षा हॉल में सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र जांच किए जा रहे थे। तभी किशनलाल के पास पहुंचे। किशनलाल के प्रवेश-पत्र पर फोटो में बदलाव नजर आया। पूछने पर उसने पुराना फोटो होना बताया। सख्ती से पूछताछ की तो वह घबरा गया और पेपर फेंककर हॉल से बाहर भागा। तब पुलिस व अन्य कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया।