
robbery case
बीकानेर /नाल. दुकान बंद कर घर लौट रहे ज्वैलर से दो बाइक सवार चांदी व नकदी से भरा थैला छीन कर फरार हो गए। पीडि़त वारदात से घबरा गया और अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। बाद में नाल पुलिस को इत्तला दी। सूचना मिलने के बाद नाल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करवा दी। सीआइ धरम पूनिया ने बताया कि गंगाशहर के दम्माणी मोहल्ला निवासी पवन कुमार (२४) पुत्र गोपाल सोनी की कोलासर में ज्वैलरी की दुकान है।
वह हर रोज दुकान बंद कर गंगाशहर जाता है। रविवार शाम को भी वह दुकान बंद कर घर के लिए रवाना हुआ। करीब आठ बजे कोलासर-बच्छासर के बीच दो बाइक सवार उससे थैला छीन कर ले गए। इसमें साढ़े तीन किलो चांदी के आभूषण एवं दस हजार रुपए नकदी थे। आरोपितों के पास बिना नंबरी बाइक थी। वारदात की इत्तला के बाद थाना क्षेत्र में नाकाबंदी करा दी गई। आरोपितों की धरपकड़ के लिए एसआइ बूटासिंह के नेतृत्व में टीमें गठित कर आसपास के गांवों में दबिश दे रहे हैं।
रेकी कर वारदात को दिया अंजाम
सीआइ पूनिया ने बताया कि पीडि़त पवन कुमार हर रोज बीकानेर आता है। रोजाना उसके पास दो से ढाई हजार रुपए ही होते हैं। रविवार को वह दुकान में बनी ज्वैलरी की पॉलिस व फिनिशिंग का कार्य कराने के लिए बीकानेर लेकर जा रहा था। आशंका है कि आरोपितों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने उसकी रेकी की। वह जैसे ही दुकान से रवाना हुआ उसके पीछे हो गए और सूनसान जगह पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
भाईसाहब पिछला टायर पंक्चर है...
पीडि़त पवन कुमार ने बताया कि वह कोलासर से दुकान बंदकर गंगाशहर घर जा रहा था। कोलासर-बच्छासर के बीच दो बाइक सवार पीछे से आए। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट लगा रखा था जबकि पीछे बैठे युवक ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उन्होंने बाइक पास में लाकर कहा कि भाईसाहब पिछला टायर पंक्चर है। इस पर वह जैसे ही रुका आरोपित बाइक के हैंडल में टंगा बैग लेकर भाग गए। उसने शोर मचाया लेकिन आसपास कोई नहीं था। वह घबरा गया था। उसने चाचा जयकिशन को सूचना दी।
Published on:
20 Aug 2018 08:13 am

बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
