
बीकानेर. नयाशहर थाना क्षेत्र के पारीक चौक में रविवार देर रात गाडिय़ों की पार्किंग को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े में पांच जनों के चोट आई है। उन्हें पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर भेजा गया। झगड़े की सूचना पर नयाशहर पुलिस मौके पर पहुंच गई।सीआई ईश्वरचंद जांगिड़ ने बताया कि पारीक चौक स्थित पडाय माता मंदिर के पास एक भवन में शादी समारोह चल रहा था। भवन के बाहर गाडिय़ों की पार्किंग थी। तभी एक युवक गाड़ी लेकर आया। उसकी गाड़ी की टक्कर से एक बाइक गिर गई। इस बात को लेकर वहां खड़े कुछ युवकों ने उससे मारपीट कर दी। इसके बाद वह युवक घर चला गया। युवक के घर पर भी पारिवारिक कार्यक्रम था तथा रिश्तेदार आए हुए थे। उसने घर जाकर झगड़े की बात बताई तो वह लोग भी भवन पहुंच गए और वहां खड़ी गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की।
चले लात-घूंसे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने लगे। एकबारगी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना पर नयाशहर सीआइ ईश्वरप्रसाद जांगिड़ जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान सीओ सिटी दीपक शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी ने मामले की नजाकत को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलवा लिया। झगड़े के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने पर करीब एक घंटे बाद स्थिति नियंत्रण में आई। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग नयाशहर थाने पहुंच गए तथा एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात को लेकर बहस करते रहे लेकिन देर रात तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।