
श्रीडूंगरगढ़. यहां घास मण्डी क्षेत्र में लगे एक विद्युत ट्रांसफार्मर में एक बार फिर आग लग गई। इस ट्रांसफार्मर में बार बार हो रही आगजनी पर लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ रोष जताया है। इससे पूर्व पिछले साल जून माह में भी इसी ट्रांसफार्मर में आग लगी थी और पास ही की दो मंजिल मकान की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। गनीमत यह रही कि उस समय मकान खाली होने से कोई बड़ा हादसा घटित नहीं हुआ।
राजा बाजार व घास मण्डी के चौराहे पर वर्षों से लगा ट्रांसफार्मर राहगीरों एवं निकट के दुकानदारों के लिए परेशानी बना हुआ है। शनिवार को अचानक आग लग जाने से दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर आ गए और मिट्टी डाल कर आग को बुझाने का प्रयास किया। इस ट्रांसफार्मर के पास ही कपड़े व ज्वैलरी की दुकानें भी है। यहां के नागरिकों ने बताया कि 16 माह पूर्व इसी ट्रांसफार्मर में आग लगी थी। इस पर विद्युत निगम को यहां से स्थानान्तरित करने के लिए अवगत करवाया गया, परन्तु इतना समय गुजर जाने के बाद भी इसको हटाया नहीं गया है।
हालांकि घास मण्डी में हाल ही में गौरव पथ का निर्माण करवाया गया था और डिवाइडर के बीच इस ट्रांसफार्मर को लगाने के लिए बिजली विभाग से कई बार मांग कर चुके है, मगर हालात जस के तस बने हुए है। ट्रांसफार्मर में आग लगने से कस्बे की विद्युत भी कई देर तक गुल रही।
ट्रांसफार्मर जलने से अंधेरे में ग्रामीण
खोखराणा. लूणकरनसर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खोखराणा में पिछले दस दिनों बिजली गुल है। खोखराणा ग्रामवासी दानाराम एवं महेन्द्र नायक, मदनलाल गोदारा आदि ने बताया कि गांव मेे अलग-अलग मौहले में दो ट्रांसफार्मर जलने के कारण दस दिनों से अंधेरे छाया होने से परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने समस्या समाधान की मांग की है।
भवन निर्माण पर सहमति
श्रीडूंगरगढ़. सारस्वत भवन सरस मन्दिर में रविवार को डूंगरराम ओझा की अध्यक्षता में सारस्वत समाज की बैठक हुई। इसमें कस्बे के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से भी समाज के लोग पहुंचे। सारस्वत समाज समिति के अध्यक्ष बजरंगलाल ओझा ने सारस्वत भवन के निर्माण का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि यह कस्बा सारस्वत समाज का केन्द्र स्थल है।
यहां बना भवन वर्तमान समय के अनुसार पर्याप्त नही है। इस पर समाज के लोगों ने एक राय होकर सरदारशहर सड़क मार्ग स्थित समाज की भूमि पर भवन का नव निर्माण करवाने पर सहमति जताई और इस निर्माण कार्य के लिए समितियों का गठन किया गया। तीन नवम्बर को सारस्वत समाज के आराध्य देव सरस महाराज की जयन्ती महोत्सव के बारे में जानकारी दी और आयोजन में समाज के सभी लोगों को शामिल होने की अपील की गई।